गुरप्रताप सिंह कक्षा 11 के छात्र हैं और उनका चचेरा भाई, 13 वर्षीय सुखबीर कक्षा 7 में है। दोनों पंजाब के अमृतसर जिले के रहने वाले हैं। वे अभी स्कूल से दूर हैं, लेकिन एक अलग तरह की शिक्षा पर निकले हुए हैं।
“हम यहां रात में किसानों के इलाक़े की रखवाली करते हैं, और हम ऐसा करते रहेंगे,” 17 वर्षीय गुरप्रताप ने मुझे हरियाणा के सोनीपत में, सिंघु-दिल्ली सीमा पर बताया।
वे उन सैकड़ों हज़ारों किसानों में शामिल हैं जो दिल्ली की विभिन्न सीमाओं पर एकत्रित हुए हैं। कुछ किसान राजधानी में कुछ हफ़्ते पहले प्रवेश कर गए थे, और उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी के मैदान में डेरा डाले हुए हैं।
सभी स्थलों पर, इस साल सितंबर में संसद के माध्यम से पास किए गए तीन कृषि क़ानूनों को निरस्त करने की मांग को लेकर उनके बड़े और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शनों में कोई कमी नहीं दिखाई दे रही है। और ये किसान आगे की लंबी लड़ाई लड़ने को तैयार हैं, अपनी मांगों को लेकर दृढ़ संकल्प, अपने आंदोलन को लेकर प्रतिबद्ध हैं।
रात हो चुकी है और जब मैं सिंघु और बुराड़ी में उनके द्वारा लगाए गए कुछ शिविरों के पास से गुज़रता हूं, तो देखता हूं कि कई लोग सोने की तैयारी कर रहे हैं। कुछ किसान अपने ट्रकों में रह रहे हैं, कुछ पेट्रोल पंपों पर सो रहे हैं, कुछ लोग समूह गायन करते हुए रात गुज़ार रहे हैं। इन तमाम जगहों पर गर्मजोशी, भाईचारा, और संकल्प तथा प्रतिरोध की भावना देखने को मिलती है।
किसान इन तीन क़ानूनों का विरोध कर रहे हैं: कृषक उपज व्यापार एवं वाणिज्य (संवर्धन और सरलीकरण) अधिनियम, 2020; कृषक (सशक्तिकरण और संरक्षण) क़ीमत आश्वासन और कृषि सेवा पर क़रार अधिनियम, 2020; और आवश्यक वस्तु (संशोधन) अधिनियम, 2020।
वे इन क़ानूनों को, कृषि में उनके अधिकार और हिस्सेदारी को अनिवार्य रूप से देश के सबसे शक्तिशाली निगमों को सौंपने के रूप में देखते हैं, जो उन्हें इन बड़े कारोबारियों की दया पर जीने को मजबूर कर देगा। “अगर यह विश्वासघात नहीं है, तो और क्या है?” अंधेरे में एक आवाज़ पूछती है।
“हम किसानों को पहले भी इन कंपनियों का अनुभव रहा है — और हम उन पर भरोसा नहीं करते। वे हमें पहले भी धोखा दे चुके हैं, और हम मूर्ख नहीं हैं। हम अपने अधिकारों को जानते हैं,” उस देर शाम सिंघु में लगे शिविरों से गुज़रते हुए मैंने कई आवाज़ों में से एक को कहते हुए सुना।
क्या वे इस गतिरोध के बारे में चिंतित नहीं हैं, जब सरकार क़ानूनों को किसी भी तरह निरस्त करने की संभावना से इनकार कर रही है? क्या वे टिक पाएंगे?
“हम मज़बूत हैं,” पंजाब का एक अन्य कृषक कहता है। “हम अपना भोजन ख़ुद बना रहे हैं और दूसरों को भी वितरित कर रहे हैं। हम किसान हैं, हम जानते हैं कि मज़बूत कैसे बने रहें।”













