सितंबर की शुरुआत में, घोड़ामारा द्वीप पर नावों की गतिविधि में अचानक से तेज़ी आ जाती है. पुरुष, महिलाएं, बच्चे, और मवेशी जल्दी-जल्दी नाव से उतरते या उतारे जाते हैं, और अपनी दिनचर्या में व्यस्त हो जाते हैं. उच्च ज्वार के दौरान, वे अपने रिश्तेदारों के साथ रहने के लिए किसी दूसरी जगह पर चले गए थे. अब पानी कम होने के बाद, वे द्वीप पर स्थित अपने घर लौट रहे हैं. नाव को काकद्वीप के मुख्य भूभाग से सुंदरबन डेल्टा में स्थित द्वीप तक पहुंचने में 40 मिनट लगता है. यहां नावों से लोगों को महीने में कम से कम दो बार लाया और फिर ले जाया जाता है. हालांकि, यह दिनचर्या, पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना ज़िले में स्थित इस छोटे से द्वीप घोड़ामारा पर, ग्रामीणों के जीवन बचाने के लंबे संघर्ष को और मुश्किल बनाती है.
जलवायु में हो रहे लगातार परिवर्तन के कारण, बार-बार आने वाले चक्रवात, समुद्र के बढ़ते जलस्तर, और भारी बारिश ने, घोड़ामारा के लोगों का जीवन कठिन बना दिया है. दशकों से आ रही बाढ़ और मिट्टी के कटाव के कारण, हुगली के मुहाने पर उनकी जन्मभूमि टुकड़ों में तैरती देखी जा सकती है.
मई महीने जब में चक्रवात यास ने दस्तक दी थी, तो सुंदरबन के सागर ब्लॉक में स्थित घोड़ामारा सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में से एक था. 26 मई के दिन उच्च ज्वार के साथ चक्रवात ने द्वीप के तटबंधों को तोड़ दिया था और 15-20 मिनट के भीतर सबकुछ जलमग्न हो गया था. इसके पहले, बुलबुल (2019) और चक्रवात अम्फ़ान (2020) के प्रभाव को झेल चुके द्वीपवासियों को फिर से विनाश का सामना करना पड़ा. चक्रवात ने उनके घरों को उजाड़ दिया और धान का पूरा गोदाम, पान की फ़सल, और सूरजमुखी के सारे का सारे खेत तबाह हो गए.
चक्रवात के बाद, खासीमारा घाट के पास स्थित अब्दुल रऊफ़ का घर तबाह हो गया. अपने घर से लगभग 90 किलोमीटर दूर, कोलकाता में काम करने वाले एक दर्ज़ी रऊफ़ ने कहा, "हमारे पास चक्रवात के तीन दिनों तक एक दाना भी नहीं था और हम केवल बारिश के पानी पर ज़िंदा थे. हमारे सिर पर सिर्फ़ प्लास्टिक की छत थी." उन्होंने बताया कि जब वह और उनकी पत्नी बीमार पड़ गए, तो "सभी को शक़ हुआ कि हमें कोविड है." रऊफ़ ने आगे बताया, "बहुत से लोग गांव छोड़कर चले गए. हमारे लिए किसी सुरक्षित जगह पर जाना मुमकिन नहीं था, इसलिए हम वहीं पड़े रहे." जब खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को सूचित किया गया, तब जाकर रऊफ़ और उनकी पत्नी को चिकित्सकीय सहायता मिली. “बीडीओ ने हमें किसी भी तरह से काकद्वीप पहुंचने के लिए कहा. उन्होंने वहां से एंबुलेंस की व्यवस्था की. [चिकित्सकीय देखभाल पर] हमें लगभग 22 हज़ार रुपए खर्च करने पड़े.” रऊफ़ और उनका परिवार तबसे द्वीप पर एक शेल्टर में रह रहे हैं.
कई लोग जिनके घर बर्बाद हो गए थे उन्हें अस्थायी आश्रयों में ले जाया गया. मंदिरतला गांव के निवासियों को द्वीप के सबसे ऊंचे स्थान, मंदिरतला बाज़ार (बाज़ार) के पास टैंक ग्राउंड में एक शेल्टर में रखा गया है. उनमें से कुछ ने पास के संकरे रास्ते पर अपना डेरा जमा लिया. द्वीप के हाटखोला, चुनपुरी, और खासीमारा क्षेत्रों से 30 परिवारों को घोड़ामारा के दक्षिण में स्थित सागर द्वीप पर अस्थायी आश्रय दिया गया था. तब से उन्हें पुनर्वास के लिए, वहां ज़मीन दी गई है.



























