नाम: वजेसिंह पारगी. जन्म: 1963. गांव: इटावा. ज़िला: दाहोद, गुजरात. समुदाय: आदिवासी पंचमहांली भील. परिवार के सदस्य: पिता, चिस्का भाई. मां, चतुरा बेन. पांच भाई-बहन, जिनमें वजेसिंह सबसे बड़े हैं. परिवार की आजीविका का साधन: खेतिहर मज़दूरी.
ग़रीब आदिवासी परिवार में जन्म लेने की अपनी विरासत को वजेसिंह बयान करते हैं: 'मां के गर्भ का अंधेरा.' 'तन्हाई का रेगिस्तान.' ‘पसीने से उपराता कुआं.’ ‘उदासियों में रंगी भूख’ और 'जुगनू भर रोशनी.' शब्दों से प्रेम भी उनमें जन्म के साथ ही पैदा हुआ.
किसी ज़माने की किसी लड़ाई के बीच, एक गोली तब युवा उम्र में रहे इस आदिवासी के जबड़े और गर्दन को चीरती हुई निकल गई थी. उनकी आवाज़ पर भी ज़ख़्म का गहरा असर पड़ा, जिससे वह सात साल के लंबे इलाज, 14 सर्जरियों और भारी क़र्ज़ के बाद भी उबर नहीं पाए. यह उनके लिए दोहरा झटका था. उन्होंने जिस समुदाय में जन्म लिया था उसकी तो इस दुनिया में कोई सुनवाई नहीं थी, लेकिन उन्हें व्यक्तिगत तौर पर तोहफ़े की तरह जो आवाज़ मिली थी वह भी अब गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई थी. हां, उनकी नज़र ज़रूर पहले जैसी ही तेज़ बनी रही. वजेसिंह लंबे समय से गुजराती साहित्य की दुनिया के सबसे बेहतरीन प्रूफ़रीडर रहे हैं. हालांकि, उनकी ख़ुद की लेखनी को वह सम्मान कभी नहीं मिला जिसके वह हक़दार थे.
यहां गुजराती लिपि में लिखी वजेसिंह की पंचमहली भीली ज़बान की कविता का हिन्दी अनुवाद प्रस्तुत है, जो उनकी दुविधा को बयान करती है.


