“सत्ता की आरामकुर्सी पर अकर्मण्यता की नींद सोई हुई सरकार से मैं जागने की अपील करती हूं...”
यह स्वतंत्रता सेनानी, करिश्माई लीडर, बेहद निडरता से किसानों, ग़रीबों-मज़लूमों, और हाशिए के तबके के लोगों के हक़ की वकालत करने वाली अतुलनीय और बेजोड़ व्यक्तित्व वाली हौसाबाई पाटिल के मुंह से निकले अंतिम शब्द थे. ये बातें उन्होंने नवंबर 2018 में हुए किसानों के संसद मार्च के समर्थन में एक वीडियो संदेश में कही थीं.
वीडियो संदेश में उन्होंने बड़ी निडरता से आवाज़ बुलंद करते हुए कहा था, “किसानों को उनकी फ़सलों के लिए बेहतर दाम मिलने ही चाहिए. इस मामले में इंसाफ़ पाने के लिए मैं ख़ुद वहां आउंगी और इंसाफ़ की मांग करते हुए निकाले गए जुलूस का हिस्सा बनूंगी.” यह बातें उन्होंने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कही थीं. इस तरह के आंदोलनकारी लहज़े में अपनी बातें कहते हुए उन्हें जैसे अपनी उम्र (93 वर्ष) और तबीयत का ख़याल ही न आया हो. उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए “सत्ता की आरामकुर्सी पर अकर्मण्यता की नींद सोने की बजाय समाज व लोगों की बदहाली को संज्ञान में लेने और ग़रीबों-मज़लूमों के हक़ में काम करने” की अपील की.
23 सितंबर, 2021 को, हमेशा से जागरूक और सचेत रहीं हौसाबाई 95 वर्ष की उम्र में सांगली में चिरनिद्रा में विलीन हो गई.
1943 और 1946 के बीच के समयांतराल में, हौसाबाई (आमतौर जिन्हें हौसाताई कहा जाता था; मराठी में बड़ी बहन को बेहद सम्मान के साथ ‘ताई’ कहा जाता है) उस क्रांतिकारी दल की सदस्य थीं जिसने ब्रिटिश हुकूमत की ट्रेनों पर हल्ला बोला, पुलिस के शस्त्रागारों को लूटा और ब्रिटिश राज के उन डाक बंगलों को आग के हवाले किया जिन्हें ब्रिटिश हुकूमत में प्रशासकीय उद्देश्यों के अलावा, कोर्टरूम की तरह भी इस्तेमाल किया जाता था. उन्होंने ‘तूफ़ान सेना’ के साथ मिलकर इस संग्राम में हिस्सा लिया. तूफ़ान सेना, 1943 में ब्रिटिश हुकूमत से आज़ादी की घोषणा करने वाली सतारा की ‘प्रति सरकार’ (भूमिगत सरकार) के सशस्त्र बल के तौर पर काम करने वाला क्रांतिकारी दल रहा है.
1944 में पुर्तगाली शासन के अधीन रहे गोवा में उन्होंने एक भूमिगत कार्यवाही को अंजाम देने में अपनी भूमिका निभाई और इस प्रक्रिया के दौरान उन्हें समानांतर ही तैर रहे कॉमरेडों के साथ लकड़ी के बक्से के सहारे मांडवी नदी पार करनी पड़ी थी. लेकिन उन्होंने हमेशा ज़ोर देते हुए कहा, “मैंने आज़ादी की लड़ाई में थोड़ा-बहुत कम करते हुए बेहद मामूली-सा योगदान दिया. मैंने कोई बहुत बड़ा काम नहीं किया.” कृपया मेरी पसंदीदा स्टोरी में से एक: “हौसाबाई की अनकही शौर्य गाथा” को पढ़ें और उनके बारे में और जानने की कोशिश करें.


