रमेशभाई मनुभाई पटेल अपने पुश्तैनी घर के बाहर एक चारपाई पर बैठे हैं. उनका घर गुजरात के खेड़ा ज़िले में स्थित दांतली गांव में है. यह पुराना उजड़ा हुआ सा घर है, जिसकी दीवारों उड़ने सा लगा है.
वह कांपती उंगली से एक कमरे की तरफ़ इशारा करते हैं. वह कमरा उनके लिए ख़ास है. वह 82 वर्ष पहले इसी कमरे में पैदा हुए थे. रमेशभाई का इस घर से भावनात्मक लगाव है, ख़ास तौर से उस कमरे से.
लेकिन जल्द ही वह कमरा, उनका घर, और आस-पास के खेत, जहां उनका परिवार चावल और सब्ज़ियों की खेती करता है, बुलेट ट्रेन परियोजना के रास्ते में आने के चलते नष्ट हो जाएंगे.
यह रेलगाड़ी 508 किलोमीटर की दूरी सिर्फ़ 3 घंटे में तय करेगी - 350 किलोमीटर गुजरात में, 2 किलोमीटर दादरा और नगर हवेली में, और 155 किलोमीटर महाराष्ट्र में. नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड की वेबसाइट के मुताबिक़, यह ट्रेन मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स और अहमदाबाद के साबरमती रेलवे स्टेशन के बीच चलेगी.










