चमनी मीणा को अपनी उम्र तो ठीक-ठीक याद नहीं है, लेकिन उन्हें इतना ज़रूर याद है कि उनके बचपन के दिनों में खाने का स्वाद बेहतर हुआ करता था: "भोजन का स्वाद अलग हो चुका है. अब आपको वही स्वाद नहीं मिलता. देसी बीज बचे नहीं हैं. उनकी अलग-अलग क़िस्में खोजना बहुत मुश्किल हो चुका है."
राजस्थान के उदयपुर शहर के सीमावर्ती इलाक़े में स्थित घाटी गांव में रहने वाली 80 वर्षीय चमनीबाई, बचपन से ही बीजों के संरक्षण में लगी हैं. वह याद करती हैं कि कैसे उन्होंने और उनके पति ने अपना घर बनाया और खेती की, और केवल गुज़ारा चलाने में ही उन दोनों को कितनी मेहनत करनी पड़ी. फिर भी वह कहती हैं कि उनकी युवावस्था के दिनों में जीवन और भोजन बेहतर हुआ करता था.
वर्षों से, चमनीबाई और उनके परिवार ने दर्जनों स्थानीय बीजों का संरक्षण किया है. और अब उन्होंने अपना यह ज्ञान अपनी बहू के साथ साझा कर दिया है. वह कहती हैं, "महिलाएं बीजों को बेहतर तरीक़े से संरक्षित करती हैं. वे उनकी देखभाल करती हैं और उनकी भरपाई करना याद रखती हैं. इस प्रक्रिया में बहुत से ज़रूरी विवरण शामिल होते हैं."
चमनीबाई बताती हैं, "मुझे वह दौर याद है, जब हमारा गांव बाढ़ की चपेट में आ गया था. तब साल 1973 चल रहा था और गांव के सभी घर बर्बाद हो गए थे. हमारा सबकुछ नष्ट हो गया था, लेकिन मुझे अपने बीजों की सबसे ज़्यादा चिंता थी. वही मेरी पहली प्राथमिकता थे, और अभी तक मेरे पास हैं. बीज किसी किसान के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा होते हैं."













