एक व्यक्ति अपनी सात साल की बेटी के साथ पैदल पंढरपुर की ओर सालाना तीर्थयात्रा आषाढ़ी वारी पर जा रहे हैं. इस उत्सव के अवसर पर पूरे राज्य भर से आए वारकरी समुदाय के हज़ारों श्रद्धालु भगवान विट्ठल के मंदिर में दर्शन करने के लिए इकट्ठे होते हैं. रास्ते में वे लातूर के एक गांव – म्हैसगांव में डेरा डालने का फ़ैसला करते हैं. शाम गहराने के साथ-साथ कीर्तन की आवाज़ पूरे वातावरण में फैलने लगती हैं. खंजरी (डफ़लीनुमा वाद्ययंत्र) की धीमी आवाज़ सुन कर छोटी बच्ची अपने पिता से वहां ले चलने की ज़िद करती हैं जहां से कीर्तन की आवाज़ आ रही है.
उसके पिता उसकी ज़िद को टालना चाहते हैं. “यहां लोग हमारे जैसे मांग और महारों को छूने से बचना चाहते हैं,” वे अपनी बेटी को समझाने की कोशिश करते हैं. “उनकी नज़रों में हमारी कोई क़ीमत नहीं है. वे हमें भीतर नहीं घुसने देंगे.” लेकिन बच्ची अपनी ज़िद से पीछे नहीं हटती है. अंततः पिता को ही झुकना पड़ता है. लेकिन उसकी भी एक शर्त है कि दोनों कीर्तन को दूर से खड़े होकर सुनेंगे. छंदों की आवाज़ का पीछा करते हुए दोनों पंडाल तक पहुंचते हैं. तन्मय होकर दोनों कीर्तन के दौरान महाराज को खंजरी बजाते हुए देखते रहते हैं. जल्दी ही वह छोटी बच्ची अधीर हो जाती है. वह किसी भी शर्त पर मंच पर चढ़ना चाहती. और, मौक़ा पाते ही किसी को भी कुछ कहे बिना वह यह कर गुज़रती है.
“मैं एक भारुड [हास्य-व्यंग्य पर आधारित गीतों की एक प्राचीन शैली, जो जिनकी रचना समाज में जागरूकता फ़ैलाने के उद्देश्य से की जाती है] गाना चाहती हूं,” वह उस समय मंच पर गा रहे संत से कहती है. वहां उपस्थित लोग उसकी बात सुनकर हक्के-बक्के रह जाते हैं. लेकिन मंच पर गा रहे महाराज उसे गाने की इजाज़त दे देते हैं. अगले कुछ मिनटों के लिए वह छोटी बच्ची मंच पर मानो अपना अधिकार जमा लेती है. संगत के लिए लिए वह धातु के एक बर्तन पर थाप देती है. गाने के लिए उसने एक ऐसा गीत चुना है जिसे मंच पर गा रहे महाराज ने ही लिखा है.
माझा रहाट गं साजनी
गावू चौघी जनी
माझ्या रहाटाचा कणा
मला चौघी जनी सुना
कुएं पर रहट है सजनी
आओ चारों गाएं मिलकर जी
जैसे रहट की रस्सी
वैसी चारों बहुएं मेरी
उस बाल गायिका से प्रभावित होकर उस संत कलाकार ने उसे अपनी खंजरी उपहार में देते हुए कहा, “मेरा आशीर्वाद हमेशा तुम्हारे साथ है. तुम एक दिन दुनिया को आलोकित करोगी.”













