वुलर झील के किनारे खड़े अब्दुल रहीम कावा कहते हैं, "आज लगातार छठा दिन है, जब बिना कोई मछली पकड़े वापस जा रहा हूं." रहीम (65) यहां अपनी पत्नी और बेटे के साथ एक मज़िला घर में रहते हैं.
बांडीपुरा ज़िले के कनी बठी क्षेत्र में स्थित वुलर, झेलम और मधुमती धारा के पानी से मिलकर झील बनती है. वुलर झील के किनारे लगभग 18 गांव बसे हैं और हर गांव में कम से कम 100-100 घर हैं. और इन गांवों में रहने वाले लोगों की आजीविका का एकमात्र साधन यह झील ही है.
अब्दुल कहते हैं, "मछली पकड़ना हमारी कमाई का एकमात्र स्रोत है. लेकिन अब झील में पानी ही नहीं है.” वह किनारों की ओर इशारा करते हुए कहते हैं, “अब हम किनारे से होते हुए झील को पैदल पार कर सकते हैं, क्योंकि झील के किनारों पर पानी चार या पांच फीट ही रह गया है.”
अब्दुल अपने परिवार में तीसरी पीढ़ी के मछुआरे हैं और पिछले 40 सालों से उत्तरी कश्मीर की इस झील में मछली पकड़ रहे हैं. वह बताते हैं, “बचपन में मेरे पिता मुझे अपने साथ ले आते थे. उन्हें देखकर मैंने मछली पकड़ना सीखा.'' अब अब्दुल के बेटे भी पारिवारिक व्यवसाय में शामिल हो गए हैं.
हर सुबह अब्दुल और उनके साथी मछली पकड़ने के लिए मछुआरे वुलर झील आते हैं. वह मछली पकड़ने के लिए नायलॉन के धागे से बने जाल का इस्तेमाल करते हैं. कभी-कभी वे पानी में जाल फेंककर मछली को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए हस्तनिर्मित ड्रम बजाते हैं.
वुलर, भारत की सबसे बड़ी ताज़े पानी की झील है, लेकिन पिछले चार सालों में स्थितियां बदल गई है. वुलर का पानी बहुत प्रदूषित हो गया है, जिसके कारण मछली पकड़ना मुश्किल हो गया है. अब्दुल कहते हैं, “पहले हम साल में कम से कम छह महीने मछली पकड़ते थे. लेकिन अब हम केवल मार्च और अप्रैल में ही मछली पकड़ने आते हैं.”


