मैंने पनामिक स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर 100 के आसपास लोगों को कोविड-19 वैक्सीन का इंजेक्शन लगवाने के लिए इंतज़ार करते पाया. तारीख़ थी 11 अगस्त 2021. क्या यह सब भारत के दूसरे हिस्सों में लाखों लोगों के वैक्सीन के लिए हज़ारों केंद्रों पर इंतज़ार करने जैसा ही है? कहना होगा कि ऐसा बिल्कुल नहीं है. लेह के पनामिक ब्लॉक में सर्वाधिक ऊंचाई पर स्थित जगह की समुद्र तल से ऊंचाई 19,901 फ़ीट है. हालांकि, उसी नाम के (पनामिक) गांव की ऊंचाई इसकी तुलना में कुछ हज़ार फ़ीट कम ही है. लेकिन, लगभग 11,000 फ़ीट की ऊंचाई पर होते हुए भी यह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, अब भी देश में सर्वाधिक ऊंचाई पर स्थित वैक्सीनेशन सेंटरों में से एक है.
केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के ज़्यादातर हिस्सों तक कोविड-19 वैक्सीन ले आ पाना और उनका स्टॉक रखना मात्र भी बहुत बड़ी बात है. दूरदराज़ के इलाक़ों से लोगों को केंद्र पर वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंचने में पेश आ रही मुश्किलों पर भी गौर किया जाना चाहिए.
हालांकि, इस केंद्र की समुद्र तल से ऊंचाई के अलावा और भी बहुत कुछ है जो बेहद गौरतलब है. कहना होगा कि यह केंद्र समुद्र तल से असाधारण ऊंचाई पर स्थित है. लेह में सियाचिन ग्लेशियर के बेहद क़रीब स्थित इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नाम एक अनोखा रिकॉर्ड दर्ज है: यहां एक ही दिन में सेना के 250 जवानों को वैक्सीन का डोज़ दिया गया. वह भी नाममात्र की इंटरनेट सुविधा और बेहद ख़राब संचार व्यवस्था के होते हुए. ज़रूरी सुविधाओं के इस तरह के अभाव के बावजूद, लद्दाख में स्थित कुछ अन्य केंद्रों की ही तरह पनामिक स्थित इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ने भी वैक्सीनेशन ड्राइव को सफलतापूर्वक अंजाम दिया.
यह सोचने वाली बात है कि लेह क़स्बे से लगभग 140 किलोमीटर दूर स्थित इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर बिना इंटरनेट सुविधा के यह काम कैसे किया जाता है? यहां के कोल्ड चेन संचालक सेरिंग अंचोक की बातों से लगा जैसे यह सब बेहद आसान हो. वह कहते हैं, “यह कोई मुश्किल काम नहीं है. हमने बस तनिक धैर्य से काम लिया. हम घंटों तक काम में लगे रहे और अंततः हम अपने काम में सफल रहे.” इसका सीधा मतलब है कि उन लोगों ने बेहद ख़राब इंटरनेट कनेक्शन के बावजूद, घंटों तक वह काम करना जारी रखा जिसे करने में अन्य जगहों पर सिर्फ़ कुछ मिनट ही लगते थे. और वैक्सीन लगाने की असल प्रक्रिया में तो और भी ज़्यादा वक़्त लगा.























