जलियांवाला बाग, नई राष्ट्रीय चेतना का एक ज़रूरी मोड़ था. हममें से बहुत से लोग यह सुनते हुए बड़े हुए कि भगत सिंह की कहानी वहीं से शुरू हुई थी – जब 10 साल की उम्र में, उन्होंने उस जगह का दौरा किया और ख़ून से सनी मिट्टी को एक छोटी सी बोतल में भरकर अपने गांव ले आए थे. वहां, उस मिट्टी को उन्होंने अपनी बहन के साथ मिलकर, अपने दादा के घर में बने बगीचे में डाल दिया. फिर, उस जगह पर उन्होंने हर साल फूल उगाए.
ऐसा लगता है कि 13 अप्रैल, 1919 को पंजाब के अमृतसर में एक हज़ार निहत्थे नागरिकों (अंग्रेज़ों का कहना है कि वे 379 थे) का नरसंहार, अपराधियों या उनकी आगामी सरकारों के विवेक को अभी तक नहीं छू पाया है. ब्रिटिश प्रधानमंत्री टेरेसा मे ने इस हफ़्ते अपनी संसद में इस पर खेद व्यक्त किया – लेकिन भयावह अत्याचार के लिए कोई माफ़ी नहीं मांगी.




