सूरज जैसे ही पूर्वी घाट की बीहड़ पहाड़ियों के पीछे छिपने लगता है, पास के जंगल में पहाड़ी मैना की तीखी पुकारें अर्धसैनिक बलों के जूतों की भारी आवाज़ के नीचे दब जाती हैं. वे एक बार फिर गांवों में गश्त कर रहे हैं. इसीलिए, वह शाम से बहुत ज़्यादा डरती है.
वह नहीं जानती कि उसका नाम देमती क्यों रखा गया. मां उत्साह से कहानी सुनातीं, “वह हमारे गांव की एक निडर महिला थी, जिसने अकेले ही अंग्रेज़ी सैनिकों को मार भगाया था." लेकिन वह देमती जैसी नहीं थी – बल्कि डरपोक थी.
और उसने पेट दर्द, भूख, घर में कई दिनों तक बिना पानी के, बिना पैसे के, संदिग्ध निगाहों, धमकाती आंखों, नियमित रूप से होने वाली गिरफ़्तारियों, यातना, मरते हुए लोगों के बीच रहना सीख लिया था. लेकिन इस सब के साथ, उसके पास जंगल, पेड़, और झरना था. वह अपनी मां को 'साल' के फूलों में सूंघ सकती थी, जंगलों में अपनी दादी के गानों की गूंज सुनती थी. जब तक ये सारी चीज़ें उसके पास थीं, वह जानती थी कि अपनी परेशानियां झेल लेगी.
लेकिन, अब वे उसे बाहर निकालना चाहते थे, उसकी झोंपड़ी से, उसके गांव से, उसकी ज़मीन से – जब तक कि वह कोई ऐसा काग़ज़ न दिखा दे, जो यह साबित करता हो कि वह ये सब जानती है. उनके लिए यह पर्याप्त नहीं था कि उसके पिता ने उसे अलग-अलग पेड़ों और झाड़ियों, छालों, और पत्तों के नाम सिखाए थे, जिनमें उपचार करने की ताक़त थीं. वह जितनी बार अपनी मां के साथ फल, अख़रोट, और जलाऊ लकड़ी एकत्र करने जाती, उसकी मां उसे वह पेड़ दिखातीं, जिसके नीचे वह पैदा हुई थी. उसकी दादी ने उसे जंगलों के बारे में गाना सिखाया था. वह अपने भाई के साथ इन जगहों पर दौड़ चुकी थी, पक्षियों को देखते, उनकी आवाज़ों की नक़ल करते हुए.
लेकिन क्या ऐसा ज्ञान, ये कहानियां, गीत, और बचपन के खेल, किसी भी चीज़ के प्रमाण हो सकते हैं? वह वहां पर बैठकर अपने नाम का अर्थ, और उस महिला के बारे में सोचने लगी, जिसके नाम पर उसका नाम रखा गया था. देमती ने कैसे साबित किया होगा कि उसका संबंध जंगल से है?



