मेहनतकश लोग घिस चुके चप्पलों को भी संजोकर रखते हैं. ढुलाई करने वालों की चप्पलों में गड्ढे पड़ जाते हैं और उसके तलवे पिचक जाते हैं, जबकि लकड़हारों की चप्पलें कांटों से भरी नज़र आती हैं. अपनी ख़ुद की चप्पलों को लंबा चलाने के लिए, मैंने अक्सर उन्हें सेफ़्टी पिन से जोड़ा है.
भारत के अलग-अलग इलाक़ों की यात्राओं के दौरान, मैं चप्पल-जूतों की तस्वीरें खींचता रहा हूं और अपनी तस्वीरों में इन कहानियों को ढूंढना शुरू किया है. ऐसे चप्पलों की कहानियों के ज़रिए मेरी यात्रा भी सामने आती है.
हाल ही में, काम के सिलसिले में ओडिशा के जाजपुर की यात्रा के दौरान, मुझे बाराबंकी और पुरनमंतिरा गांवों के स्कूलों का दौरा करने का मौक़ा मिला. जब हम वहां जाते थे, तो उस कमरे के बाहर, जहां आदिवासी समुदायों के लोग इकट्ठा होते थे, काफ़ी व्यवस्थित ढंग से जमाकर रखे गए चप्पल बार-बार मेरा ध्यान खींच लेते थे.
शुरू में, मैंने उन पर ज़्यादा ध्यान नहीं दिया था, लेकिन दो-तीन दिन बाद मैंने उन घिस चुके चप्पलों पर गौर करना शुरू किया जिनमें से कुछ में तो छेद भी थे.
























