तीन साल के विहान कोडवते को अब भी बाघ के हमले के डरावने सपने आते हैं और वह अपनी मां सुलोचना से लिपट जाता है.
साल 2018 के मई महीने में, गोंड आदिवासी बीरसिंह कोडवते (25) मोटरसाइकिल से तेंदू पत्ता इकट्ठा करने जा रहे थे, और उनके नन्हे से बेटे विहान ने साथ जाने की ज़िद पकड़ ली थी. गर्मी के मौसम में, मध्य भारत के जंगलों के आसपास रहनेवालों के लिए तेंदू पत्ते आमदनी का एक मुख्य ज़रिया बन जाते हैं; इन पत्तों को सुखाया जाता है, और फिर इनसे बीड़ियां बनाई जाती हैं.



