यहां 'विराट कोहली' बहुत मशहूर हैं. डुंगरा छोटा में भारत के इस महान क्रिकेटर को चाहने वाले बहुत हैं.
सर्दियों की सुबह है और घड़ी का कांटा 10 को पार कर चुका है. यहां के दर्जनों युवा निवासी क्रिकेट खेलने में तल्लीन हैं. मक्के के चमकीले हरे खेतों से घिरे खुले मैदान का यह चौकोर टुकड़ा देखने में क्रिकेट का मैदान नहीं लगता, लेकिन बांसवाड़ा ज़िले के इस गांव के क्रिकेट प्रेमी बैटिंग क्रीज़ से लेकर सीमा रेखा तक - इसके हर कोने से परिचित हैं.
क्रिकेट प्रेमियों से उनके पसंदीदा खिलाड़ियों के बारे में पूछना उनसे बातचीत शुरू करने का सबसे आसान और प्रभावी तरीक़ा होता है. शुरुआत विराट कोहली से ज़रूर होती है, लेकिन कई और नाम भी जल्द ही सामने आते हैं - रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव, मोहम्मद सिराज...
तभी शिवम लबाना (18) बोलते हैं, "मुझे तो स्मृति मांदना पसंद है." बाएं हाथ की सलामी बल्लेबाज़ और भारतीय महिला टी20 टीम की कप्तान रह चुकीं स्मृति देश की सबसे लोकप्रिय क्रिकेटरों में से एक हैं.
हालांकि, हमें जल्द ही पता चला कि इस मैदान में चर्चा में रहने वाली वह बाएं हाथ की अकेली बल्लेबाज़ नहीं हैं.
क्रिकेटर बनने का ख़्वाब देख रहे गेंदबाज़ों और बल्लेबाज़ों के इस समूह में, जिसमें सभी लड़के हैं, एक अकेली लड़की खेलती नज़र आती है. सिर्फ़ नौ साल की उम्र की हिताक्षी राहुल हडक्शी सफ़ेद जूते और बैटिंग पैड पहने हुए और साथ में सुरक्षा के लिए थाइ (जांघ) व एल्बो (कोहनी) गार्ड बांधे खड़ी है.










