शुक्ला घोष कहती हैं, "हमारे गांव में लड़कियों की कोई सुरक्षा नहीं है. वे रात के आठ या नौ बजे के बाद घर से बाहर नहीं निकलतीं." वह पश्चिम मेदिनीपुर के कुआपुर गांव की बात कर रही हैं. "लड़कियां डरी हुई हैं, लेकिन वे विरोध करने और प्रतिरोध दर्ज कराने की ज़रूरत भी महसूस करती हैं."
घोष और कुआपुर की लड़कियां पश्चिम बंगाल के गांवों और छोटे शहरों से आए हज़ारों किसानों, कृषि मज़दूरों और श्रमिकों के हुजूम में शामिल हैं, जिन्होंने पिछले हफ़्ते कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में एक युवा ट्रेनी महिला डॉक्टर के साथ हुए क्रूर बलात्कार और हत्या के ख़िलाफ़ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया.
बीते 21 सितंबर 2024 को आयोजित हुआ प्रतिरोध मार्च, मध्य कोलकाता के कॉलेज स्ट्रीट से शुरू हुआ और लगभग 3.5 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए श्यामबाज़ार की ओर बढ़ा.
प्रदर्शनकारियों की मांगों में त्वरित न्याय और दोषियों को कठोर सज़ा, कोलकाता के पुलिस आयुक्त का इस्तीफ़ा (जो प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों की भी मांग थी और जिसे सरकार ने स्वीकार कर लिया है), और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का इस्तीफ़ा शामिल था, जिनके पास स्वास्थ्य और परिवार कल्याण, और गृह एवं पर्वतीय मामलों का प्रभार भी है.












