आज हम अपनी, यानी पारी की उस विशिष्ट टीम की उपलब्धियों का जश्न मनाएंगे जिसमें 170 से अधिक लोग शामिल हैं. इनमें से कम से कम 45 सदस्य ऐसे हैं जो साल के हर महीने पूरी शिद्दत से काम करते हैं. और ऐसा करते हुए, हम अच्छी मिसालों का पालन करने के साथ बेहतर संगति में बने हुए हैं. संयुक्त राष्ट्र, हर वर्ष 30 सितंबर को अंतर्राष्ट्रीय अनुवाद दिवस के रूप में मनाता है.
यूएन का कहना है कि यह दिन "भाषा के कारीगरों के काम की सराहना करने का एक अवसर है, जो राष्ट्रों को एक साथ लाने, संवाद, समझ, और सहयोग को सुविधाजनक बनाने, विकास में योगदान करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं..." इसके अलावा और भी बहुत सारी चीज़ों को पूरा करने में उनका रोल है. और इसलिए, आज हम एक अनुवाद टीम की सराहना करते हैं, जिनका सानी किसी भी अन्य पत्रकारिता वेबसाइट में नहीं मिलेगा.
हमारे अनुवादकों में डॉक्टर, भौतिक विज्ञानी, भाषाविद, कवि, गृहिणी, शिक्षक, कलाकार, पत्रकार, लेखक, इंजीनियर, छात्र, और प्रोफ़ेसर शामिल हैं. इनमें, 84 वर्ष के अनुभवी सदस्य से लेकर 22 वर्ष के युवा शामिल हैं. कुछ तो विदेशों में रहते हैं. अन्य लोग देश के सुदूर इलाक़ों में रहकर काम करते हैं, जहां इंटरनेट की स्थिति ख़राब ही रहती है.
पारी द्वारा बड़े पैमाने पर किए जाने वाले इस अनुवाद कार्य का मुख्य उद्देश्य हमारी सीमाओं और स्तर के भीतर, इस देश की भाषाओं को सम्मान दिलाना और सभी भाषाओं के साथ समान व्यवहार को बढ़ावा देना है. पारी की साइट पर हर लेख 13 भाषाओं में उपलब्ध है - या बहुत जल्द उपलब्ध होगा. पारी की इस स्टोरी में आपको 13 अलग-अलग भाषाई रंग देखने को मिलेंगे: भगत सिंह झुग्गियां आज भी लड़ते हैं आज़ादी की ख़ातिर. क़रीब 6,000 स्टोरी को इन भाषाओं में प्रकाशित किया गया है, जिनमें से बहुत सी स्टोरी मल्टीमीडिया भी हैं.



