हर साल जुलाई में महाराष्ट्र भर से लाखों वारकरी, देहू और आलंदी से लगभग 240 किलोमीटर की पैदल यात्रा करके सोलापुर जिले के पंढरपुर में अपने प्रिय भगवान विठोबा और रखुमाई से मिलने जाते हैं। माना जाता है कि यह यात्रा सदियों से पशुपालक ख़ानाबदोशों द्वारा तय किए गए मार्ग से होकर 800 वर्षों से जारी है।
देहू संत तुकाराम का जन्म स्थान है, और आलंदी वह जगह है जहां संत ज्ञानेश्वर ने समाधि ली थी। दोनों समतावादी और जातिविहीन भक्ति परंपरा (वारकरी पंथ) के पूज्य संत हैं। राज्य के विभिन्न हिस्सों से तीर्थयात्री दिंडी बनाते हैं और आलंदी या देहू पहुंचने के बाद इस दो सप्ताह की तीर्थयात्रा में शामिल होते हैं। प्रत्येक दिंडी एक गांव के पुरुषों और महिलाओं की छोटी मंडली होती है जो एक साथ यात्रा करते हैं। कुछ दिंडियां पुणे में जुटती हैं या वहां से शुरू होती हैं। अन्य अपने गांवों से निकल कर आषाढ़ी एकादशी पर — जिसे एक शुभ दिन माना जाता है — सीधे पंढरपुर पहुंचती हैं।



