जुलाई से नवंबर 2017 तक, विदर्भ के कपास उगाने वाले जिले, मुख्य रूप से यवतमाल, में देखने को मिला कि घबराहट, चक्कर आना, दृश्य विकार और पेट में दर्द की शिकायत के साथ लोग अचानक भारी संख्या में अस्पतालों में भरती होने लगे। वे सभी कपास उगाने वाले किसान या मजदूर थे जो अपने खेतों में कीटनाशकों को छिड़कते समय ज़हर के संपर्क में आए थे। कम से कम 50 की मौत हो गई, 1,000 से अधिक बीमार हो गए, कुछ तो महीनों के लिए।
तीन भाग वाली श्रृंखला की इस दूसरी स्टोरी में, पारी यह देखने की कोशिश कर रहा है कि इस क्षेत्र में क्या हुआ और महाराष्ट्र सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल ने क्या पाया।
उसके बाद, हम इस बड़ी कहानी का पता लगाएंगे कि विदर्भ में इतनी मात्रा में कीटनाशकों की खपत क्यों हो रही है। और क्यों बीटी-कपास –आनुवांशिक रूप से एक संशोधित प्रजाति जिसका दावा है कि उस पर कीड़ों का कोई असर नहीं होता – पर पुराने कीड़ों ने हमला कर दिया। गुलाबी रंग के कीड़े प्रतिशोध के साथ वापस आ गए हैं – जिससे व्यापक विनाश हो रहा है।






