आदिवासी लोगों की अपनी कमियां हैं, लेकिन यह देखना महत्वपूर्ण है कि उन्होंने समुदाय के भीतर किसी संस्कृति को किस तरह अपनाया है. उदाहरण के लिए, आधुनिक शिक्षा ने एक नई प्रवृत्ति की शुरुआत की, और आज हमारे बहुत से भीतरी संघर्ष नए तैयार हुए शिक्षित वर्ग के कारण शुरू हुए हैं. आज मेरे गांव का एक शिक्षक गांव में घर नहीं बनाता. वह राजपीपला में ज़मीन ख़रीदता है. युवा पीढ़ी विकास की चमचमाती अवधारणाओं के प्रति खिंचती चली जा रही है. अपनी जड़ों से दूर परदेसी धरती पर पाले-पोसे जाने के कारण, वह पारंपरिक तरीक़े से जीवन नहीं जीती. वह लाल चावल को पचाने की क्षमता खो चुकी है. वह शहर की नौकरी से मिलने वाली प्रतिष्ठा का स्वाद चखना चाहती है. दासता का ऐसा भाव कभी हमारी संस्कृति का हिस्सा नहीं था. अब वह शिक्षित ज़रूर है और नौकरियां करती है, तो भी उन्हें शहरों में रहने की अपनी जगह नहीं मिल पाती. वहां के लोगों के बीच वह बहिष्कृत ही रहती है. इसलिए, इस तरह के टकरावों से बचने के लिए वह अपनी पहचान छिपाने लग जाती है. आज, आदिवासी पहचान के साथ संघर्ष और टकराव बहुत गहरे जुड़े हुए हैं.


Narmada, Gujarat
|THU, SEP 15, 2022
पेड़ों, लोगों और सभ्यताओं की गिरावट के दौर में
देहवली भीली में लिखी पांच कविताओं की शृंखला की पांचवीं और आख़िरी कविता में, यह आदिवासी कवि, विकास की चमचमाती अवधारणाओं से संचालित समाज में आदिवासी पहचान के साथ बढ़ते अन्तर्निहित संघर्षों को अपनी कविता में बयान करता है
Poem and Text
Painting
Editor
Translator
असभ्य घोषित महुआ
जब से मेरे देश के
कहलाते कुछ सभ्य लोगों ने
हमारे महुए के पेड़ को
असभ्य घोषित कर दिया है
और मेरे लोग
ख़ुद को असभ्य महसूस करने लगे हैं
तबसे मेरी मां महुए के फूल को
छूने से डरती है
मेरे पिताजी को महुआ नाम ही पसंद नहीं
तबसे मेरा भाई आंगन में महुए का पेड़ नहीं
तुलसी का पौधा लगाकर
अपने आपको सभ्य महसूस कर रहा है
जबसे मेरे देश के
कहलाते कुछ सभ्य लोगों ने
हमारे महुए के पेड़ को
असभ्य घोषित कर दिया है
और मेरे लोग
ख़ुद को असभ्य महसूस करने लगे हैं
तबसे अध्यात्म में जीने वाले मेरे लोग
पेड़ों से बात करने
नदी को पूजनीय मानने में
पहाड़ों की पूजा करने से
पुरखों के रास्ते चलकर
धरती को मां कहने से
कुछ शर्म सा महसूस कर रहे हैं
और अपनी पहचान को छिपाकर
असभ्यता से मुक्ति पाने
कोई ईसाई हो रहा है, कोई हिंदू
कोई जैन तो कोई मुसलमां हो रहा है
जबसे मेरे देश के
कहलाते कुछ सभ्य लोगों ने
हमारे महुए के पेड़ को
असभ्य घोषित कर दिया है
और मेरे लोग
ख़ुद को असभ्य महसूस करने लगे हैं
बाज़ार से नफ़रत करने वाले मेरे लोग
बाज़ार से घर भर रहे हैं
सभ्यता की हर वह चीज़
अपने हाथ से छूटने नहीं देते हैं
सभ्यता की सबसे बड़ी खोज -
'वैयक्तिकपन'
हर आदमी सीख रहा है
'स्व' से 'समाज' नहीं
'स्व' से 'स्वार्थ' समझ रहा है
जबसे मेरे देश के
कहलाते कुछ सभ्य लोगों ने
हमारे महुए के पेड़ को
असभ्य घोषित कर दिया है
और मेरे लोग
ख़ुद को असभ्य महसूस करने लगे हैं
अपनी भाषा में महाकाव्य, गाथा गाने वाले
मेरे लोग, बच्चों को अपनी भाषा छोड़
अंग्रेज़ी सिखाने लगे हैं
मातृभूमि के पेड़-पौधे, नदी, पहाड़
बच्चों के सपनों में नहीं आते हैं
हमारा हरेक बच्चा अमेरिका,
लंदन के सपने देख रहा है
जबसे मेरे देश के
कहलाते कुछ सभ्य लोगों ने
हमारे महुए के पेड़ को
असभ्य घोषित कर दिया है
और मेरे लोग
ख़ुद को असभ्य महसूस करने लगे हैं
कविता मूलतः देहवली भीली और हिन्दी में ही लिखी गई थी.
अनुवाद: देवेश
Want to republish this article? Please write to [email protected] with a cc to [email protected]
Donate to PARI
All donors will be entitled to tax exemptions under Section-80G of the Income Tax Act. Please double check your email address before submitting.
PARI - People's Archive of Rural India
ruralindiaonline.org
https://ruralindiaonline.org/articles/पेड़ों-लोगों-और-सभ्यताओं-की-गिरावट-के-दौर-में

