एक पटचित्र पेंटिंग बनाने की प्रक्रिया में पहला क़दम होता है - एक पातर गान की रचना करना. मामोनी चित्रकार कहती हैं, "पेंटिंग शुरू करने से पहले, हमें गीत के बोल बनाने होते हैं...इसकी लय, पेंटिंग की प्रक्रिया को एक रूप देती है." इस विधा में आठवीं पीढ़ी की यह कलाकार अपने घर में बैठी हैं और बंगाल में पूर्वी कोलकाता में स्थित आर्द्रभूमि क्षेत्र का चित्रण करते हुए एक पटचित्र बना रही हैं.
कला का नाम संस्कृत शब्द 'पट्ट' या कपड़े के एक टुकड़े और 'चित्र' या पेंटिंग से लिया गया है. मामोनी, जलीय भूमि द्वारा पोषित जटिल पारिस्थितिकी तंत्र की पेंटिंग बना रही हैं, और साथ ही साथ वह पातर गान गा रही हैं जो पटचित्र की रचना की व्याख्या करती है. मामोनी द्वारा लिखित और संगीतबद्ध यह गान एक निमंत्रण से शुरू होता है: "सुनो, सब सुनो, ध्यान से सुनो".
यह गीत पूर्वी कोलकाता की जलीय भूमि के महत्व की व्याख्या करता है, जिस पर “तमाम लोगों का जीवन" निर्भर रहता है. मछुआरों, किसानों और हरे-भरे खेतों की छवियां कपड़े पर चिपकाए गए काग़ज़ पर चित्रित की गई हैं. प्रदर्शनी के दौरान, जब अंतिम पट को खोला जाता है, तो पेंटिंग के कुछ हिस्से हूबहू गीत के छंदों के अनुसार बने होते हैं. इस तरह मामोनी अपनी चित्रकला और संगीत के माध्यम से जलीय भूमि की कहानी कहती हैं.
वह अंदाज़ा लगाते हुए बताती हैं कि उनका घर पश्चिम मेदिनीपुर के पिंगला तालुका में स्थित जिस नया गांव में है वहां क़रीब 400 शिल्पकार रहते हैं. इस तालुक़ा के किसी भी दूसरे गांव में पटचित्र बनाने का अभ्यास करने वाले कलाकारों की संख्या इतनी ज़्यादा नहीं है. यह क़रीब 32 वर्षीय कलाकार अलग-अलग रंगों के पत्तों, जंगली जानवरों और फूलों के चित्र का हवाला हुए कहती हैं, “गांव के लगभग सभी 85 घरों की दीवारों पर भित्तिचित्र बना हुआ है. हमारा पूरा गांव सुंदर दिखता है.”











