पायिर - एक संगठन, जो पेरांबलूर के कुछ गांवों के विकास के लिए काम कर रहा है - के साथ मिलकर मणिमारन को उम्मीद है कि वह बच्चों के लिए कुछ ऐसे नए खेल बना सकते हैं जो सामाजिक दूरी क़ायम रखते हुए बच्चों में मज़बूत सामाजिक मूल्यों को सिखाने में काम आएंगे. पायिर की मार्गदर्शक, प्रीति ज़ेवियर बताती हैं, “हमने पहले से ही इस दिशा में काम करना शुरू कर दिया है, लेकिन इस समय हम अपने गांवों में कोविड-19 के बारे में जागरूकता फैलाने पर ज़्यादा ध्यान दे रहे हैं, क्योंकि ये नई चीज़ है और लोगों को इसके बारे में कुछ भी पता नहीं है. हम जल्दी ही मणिमारन और मगिलिनी के साथ बच्चों के खेलों पर काम शुरू करेंगे.”
मणिमारन मानते हैं कि यह कलाकारों के लिए बहुत ही मुश्किल समय है. “लोक कलाकारों के लिए किसी भी विपदा के समय लोगों के साथ मौजूद होना आम बात है. इसलिए, इस समय सामाजिक दूरी बनाकर रखना, अलग रहना, थोड़ा परेशान करता है.” वह कहते हैं कि इस समय जिन कलाकारों की रोज़ी-रोटी छिन गई है, सरकार को उन कलाकारों को कुछ राहत प्रदान करनी चाहिए. वह आग्रह करते हुए कहते हैं, “इसके बदले में, हम सोशल मीडिया पर अपनी कला का प्रदर्शन कर सकते हैं. आर्थिक रूप से लोक कलाकारों को बहुत नुक़सान हुआ है, इसलिए इस सरकार को ऐसा कुछ करने के बारे में सोचना चाहिए.”
कोई राहत चाहे मिले या न मिले, मणिमारन और मगिलिनी आपके दिल से कोरोना वायरस का डर निकालने के लिए इसी तरह से गाते और बजाते रहेंगे. “हम लोगों को जागरूक बनाने की कोशिश जारी रहेंगे और वायरस को फैलने से रोकने का लगातार प्रयास करते रहेंगे. और आख़िर में जब हमें वायरस से छुटकारा मिलेगा, तब हम पराई बजाकर जश्न मनाएंगे.”
कोरोना सॉन्ग का अनुवाद
ताना तन ताना
कोरोना का नंगा नाच चल रहा है
ऐसे कई लोग हैं
जो अफ़वाह फैला रहे हैं
ऐसी अफ़वाहों पर ध्यान न दें
किसी को नीचा न दिखाएं!
उदासीनता का कोई फ़ायदा नहीं
डरने की कोई ज़रूरत नहीं
तरीक़े ढूंढें
कोरोना के हमले को रोकने के
कोरोना को पास आने से रोकने को
अपनी नाक को ढकें
सिर्फ़ जागरुकता ही
कोरोना को रोकेगी
जब हम शारीरिक दूरी बनाएंगे
तो कोरोना भी भाग जाएगा
ताना तन ताना
कोरोना का नंगा नाच चल रहा है
फ़ालतू अफ़वाह न फैलाएं, उसे रोकें!
कोरोना नहीं फैलता है
मांस-मछली खाने से
कोरोना नहीं छोड़ता
शाकाहारियों को भी
सभी देश हैं
दहशत की स्थिति में
खोज में लगे हैं सभी
इसकी जड़ खोजने में
ऐसा खाना खाएं जो आपको मज़बूत बनाए
अपने आपको बचाएं
और झूठ को फेंक हटाएं
जो खासें उनसे दूर रहें
जो छींकें उनसे दूरी बनाएं
लंबे चलते बुख़ार से सावधान रहें
सांस की तकलीफ़ से सावधान रहें
अगर सब आठ दिनों तक चले तो
कोरोना हो सकता है
तुरंत डॉक्टर के पास जाएं
कोरोना को घटाएं
अनुवादः नेहा कुलश्रेष्ठ