सारा सोशल मीडिया ऑक्सीजन, हॉस्पिटल बेड, और ज़रूरी दवाओं की मांगों वाली पोस्टों, कहानियों, और संदेशों से भरा पड़ा था. मेरा फ़ोन भी लगातार बज रहा था. एक संदेश मिला, 'ऑक्सीजन की तत्काल ज़रूरत है.' रविवार की सुबह लगभग 9 बजे एक क़रीबी दोस्त का फ़ोन आया. उसके दोस्त के पिता कोविड -19 से बुरी तरह संक्रमित थे और उन्हें किसी भी हॉस्पिटल में बेड नहीं मिल पा रहा था. यह वह समय था, जब भारत में कोरोना के रोज़ाना मामले बढ़कर 300,000 को पार करने लगे थे. मैंने भी अपने परिचितों को फ़ोन करने की कोशिश की, लेकिन सबकुछ बेकार साबित हो रहा था. ऐसी मुश्किलों के बीच, मैं इस मामले के बारे में भूल गया. कुछ दिन बाद मेरे दोस्त ने मुझे फ़ोन करके बताया, "मेरे दोस्त के पिता...गुज़र गए.”
बीते 17 अप्रैल को उनका ऑक्सीजन लेवल 57 फ़ीसदी के जानलेवा स्तर तक गिर गया (आम तौर पर 92-90 से नीचे आने पर ही अस्पताल में भर्ती करने की बात कही जाती है). अगले कुछ घंटों के अंदर यह गिरकर 31 तक आ गया और उन्हें बचाया नहीं जा सका. उन्होंने ख़ुद अपनी बिगड़ती हालत के बारे में ट्वीट किया था. उनका आख़िरी ट्वीट था: "मेरी ऑक्सीजन 31 है. क्या कोई मेरी मदद करेगा?"
हर दिन पिछले दिन से कहीं ज़्यादा एसओएस संदेश, ज़्यादा ट्वीट, ज़्यादा कॉल. एक पोस्ट लिखी जाती है: "हॉस्पिटल बेड की ज़रूरत है," लेकिन अगले दिन अपडेट मिलता है - "मरीज़ की मौत हो गई है."
एक दोस्त जिसे मैं कभी नहीं मिला, कभी बात नहीं की या उसे जानता नहीं था; दूर देश का दोस्त, जो दूसरी भाषा बोलता है, सांस नहीं ले पाता, कहीं मर गया है, और अब किसी अनजान चिता में जल रहा है.



