यह एक छोटा सा टूटा-फूटा ढांचा है. सातारा ज़िले में स्थित इस गांव के लोगों के लिए यह घर गौरव का प्रतीक होना चाहिए था - संभवत: होगा भी. लेकिन, यहां की ग्राम पंचायत ने इस छोटे-से घर को ज़्यादा महत्व नहीं दिया है. और, ऐसा लगता है कि महाराष्ट्र सरकार ने भी इस पर कोई ध्यान नहीं दिया है.
यह महान समाज सुधारक ज्योतिबा फुले का पैतृक निवास था. उनके दादा ने इसे बनाया था. आज यह जर्जर हालत में है और इसकी छत से प्लास्टर झड़ कर नीचे गिरने लगा है. ग्रामीण इलाक़ों की ग़रीब आबादी के लिए संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भी हमने बेहतर घरों को बनते देखा है. हालांकि, इसे देखकर ऐसा लगता है कि इस घर को इसी योजना के तहत फिर से तैयार कराने का काम हुआ, पर बहुत ख़राब ढंग से.
यह घर इतना छोटा है कि इसकी मरम्मत और साफ़-सफ़ाई में बहुत मुश्किल नहीं होगी. इसके लिए पर्याप्त संसाधन भी मौजूद हैं - वहां जाने पर आप देखते हैं कि घर के पीछे पंचायत ने एक शानदार जिम बनवाया है. घर के सामने ही फुले के नाम पर एक शैक्षिणक संस्था चल रही है. सड़क के बाजू में एक खुला मंच बनाया गया है.




