वह एक हफ़्ते से सोई नहीं है. किसी वक़्त उसके सबसे ज़्यादा काम आने वाला यमुना का वह इलाक़ा, शायद उसके जीवन के सबसे भयानक मंज़र में तब्दील हो गया था. वह और उसकी टीम आज के नए आर्यावर्त की यात्रा पर थे, और मिथकों और कहानियों के आधार पर देश को ढूंढने की कोशिश में थे. जहां भी वह खोदते, हर बार ऐसी सड़कें निकलतीं जिन्हें कामचलाऊ शमशान और क़ब्रिस्तान बना दिया गया था. गहरे रंग की मिट्टी के भीतर से निकलते कंकालों के ढेर, खोपड़ियां, और मोती जैसी सफ़ेद हड्डियों के टूटे-बिखरे टुकड़ों ने उसके काम में ख़ौफ़ भर दिया जो कभी उसके लिए आकर्षण की वजह था.
ऐसे पल भी आए थे कभी जब उन्हें कुछ अलग दिखा. जहां सरयू नदी बहा करती थी वहां से कुछ किलोमीटर की दूरी पर, उसे एक पुराने मंदिर का खंडहर मिला. पत्थर के खंडों के साथ जुड़ी तांबे की प्लेटें पड़ी हुई थीं, जिनकी ढांचे के बारे में कोई जानकारी नहीं थी, वास्तुकला की शैली बिल्कुल अलग थी और किसी पुराने दौर की ओर इशारा कर रही थीं. उसे कुछ ईंटें मिलीं, जिन पर किसी अज्ञात लिपि में एक शब्द लिखा हुआ था. उसे पत्थर के तख़्ते पर खुदी लिपि याद आ गई जो हाल ही में यमुना के पश्चिमी तट के पास खुदाई में मिले मक़बरे जैसे ढांचे के साथ मिली थी. उन्हें मूर्तियां भी मिली थीं - लंबी-लंबी, कुछ तो 182 मीटर लंबी, कुछ इससे भी ज़्यादा लंबी. लेकिन जिसने सारी बातों को हल्का साबित कर दिया, वह थे कंकाल.
और अब इन सबके बीच उन्हें एक ऐसा भयानक त्रिकोणीय ढांचा मिला जो दिखने में किसी राजा के दरबार जैसा था. एक ऐसे राजा का बदसूरत महल जिसने यमुना के किनारे लाशों पर राज किया होगा. ख़ौफ़ज़दा होकर उसने इसका नाम शमशान नगर रख दिया. ज़मीन से निकला हर टूटा स्तंभ इस बात की गवाही दे रहा था कि वह क़ब्र से बाहर निकला है. ऐतिहासिक और फोरेंसिक पुरातत्वविज्ञानियों की जिस टीम के साथ वह थी उन्हें समझने में मुश्किल आ रही थी, क्योंकि जो सामने दिख रहा था वह इतिहास के सबसे बड़े नरसंहार की शक्ल में था.



