“आज़ादी! आज़ादी!" महल से कुछ दूर असंख्य घिनौने जानवर डेरा डालकर बैठे थे. उसके अंदर नफ़रत दौड़ने लगती थी, जब वह इन जानवरों को एक साथ नारे लगाते सुनता. "आज़ादी! आज़ादी!" उसके भीतर की नफ़रत बढ़ जाती, जब ये जानवर इज़्ज़त की ज़िंदगी मांगने की हिमाक़त करते. "आज़ादी! आज़ादी!" सिर्फ़ इतनी बात से वह नफ़रत से भर उठता कि ये कीड़े अब एकजुट होना सीखने लगे थे. "आज़ादी! आज़ादी!" इन कीड़ों की इतनी हिम्मत कैसे हुई कि वे धूल-मिट्टी और अपने पसीने में सानकर, बीजों को इतने शानदार पौधों में तब्दील कर रहे थे? यह कैसी जादूगरी? कैसा पागलपन है यह? “आज़ादी! आज़ादी!" अपनी मेहनत के बदले मज़दूरी मांगने की हिम्मत कैसे हुई इन बेज़ुबान कीड़ों की?
वह समझ गया था कि इन चीखते जानवरों को वापस उनके पिंजरे में डालने की ज़रूरत थी. बादल हो चुकी मीनार पर खड़े होकर मुस्कुराने वाले उस प्रतापी भगवान का शुक्र था कि जाने कहां से एक नई बीमारी आ टपकी और उसका ख़ज़ाना तेज़ी से भरने लगा. यह ख़ज़ाना इन कीड़ों की जान की क़ीमत गिराकर भरा गया था, इसलिए भीड़ छंटने लगी. "आज़ादी! आज़ादी!" उसने अमृत को अपने हाथों में मज़बूती से पकड़ लिया था जो हवा में फैलती सड़ांध का अकेला इलाज था. यह कितनी बेहूदा क़िस्म की बात थी कि ये कीड़े इस रामबाण इलाज को मुफ़्त में पाना चाहते थे?
उसका साम्राज्य रात के अंधेरे से ढक चुका था और उसने अपनी खिड़की से अपने नए महल के गुंबद को हसरत की निगाह से देखा. “आज़ादी! आज़ादी!" लानत बरसे इन आवाज़ों पर, लानत उन उंगलियों पर जिन्होंने मिट्टी को पन्ने जैसे रत्न से ज़्यादा हरा बनाया. ख़ामोश! खिड़की के पास कुछ सरसराहट हुई. एक अजीब सी लता धीरे-धीरे रेंग रही थी और ऊपर की ओर सरकती जा रही थी, जिसमें पत्तियों की जगह कीलें और फूलों की जगह रक्तरंजित लाशें थीं.
उसके कमरे की खिड़की के बाहर दो चांद उग आए थे. एक हमारे निर्वासित रमज़ान का दरांती था, तो दूसरा किसी ट्रैक्टर का एक अकेला पहिया.












