“मैं सुनहरा बॉर्डर लगाऊंगी और इसमें कुछ चुन्नटें डालूंगी. हम आस्तीन पर कुछ टुकड़े भी जोड़ सकते हैं, लेकिन इसके लिए 30 रुपए और लगेंगे."
शारदा मकवाना अपने ग्राहकों से आमतौर पर ऐसी बातचीत करती रहती हैं. वह कहती हैं कि कुछ महिलाएं आस्तीन की लंबाई, फ़ीते के प्रकार और डोरियों से जुड़े लटकन के वज़न को लेकर काफ़ी आग्रही होती हैं, जो साड़ी पर लो-बैक ब्लाउज़ पहनती हैं. वह अपने कौशल पर गर्व करते हुए कहती हैं, "मैं कपड़े से फूल भी बना सकती हूं और उन्हें सजावट के रूप में जोड़ सकती हूं," और फिर वह हमें दिखाती हैं कि वह यह काम कैसे करती हैं.
शारदा और उन जैसे दूसरे स्थानीय साड़ी ब्लाउज़ दर्ज़ी कुशलगढ़ की महिलाओं के पसंदीदा फ़ैशन सलाहकार हैं. आख़िर लगभग सभी युवा लड़कियों और सभी उम्र की साड़ी पहनने वाली महिलाओं को 80 सेमी वाले कपड़े की ज़रूरत होती ही है.
ऐसे पितृसत्तात्मक समाज में जहां महिलाओं की सार्वजनिक जगहों पर कोई आवाज़ नहीं है और जहां जन्म के समय लिंगानुपात प्रति 1000 पुरुषों पर 879 महिलाएं (राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण एनएफएचएस-5) है, वहां अपने कपड़ों को लेकर महिलाओं का एकाधिकार कुछ हद तक ख़ुशी की वजह तो है.
राजस्थान के बांसवाड़ा ज़िले का यह छोटा सा शहर सिलाई की दुकानों से भरा है. पुरुषों के दर्ज़ी दो तरह के हैं. शर्ट और पैंट की सिलाई करने वाले और दूल्हे के लिए कुर्ता और सर्दियों में कोट जैसी शादी की पोशाक बनाने वाले. दोनों ही तरह के कपड़ों को लेकर कोई ख़ास चर्चा नहीं होती. उनके चुनिंदा रंग कभी-कभार हल्के गुलाबी या लाल रंग से आगे नहीं बढ़ पाते.










