वह विराट कोहली का भक्त था, और वह बाबर आज़म को पसंद करती थी. विराट के शतक बनाने पर वह उसे छेड़ता था, और जब बाबर आज़म ने बेहतरीन पारी खेली हो, तो वह उसे चिढ़ाती थी. क्रिकेट को लेकर होने वाला हंसी-मज़ाक़ आएशा और नुरुल हसन की प्रेम की भाषा थी, और इस हद तक परवान चढ़ती थी कि उनके आसपास के लोग ये जानकर अक्सर हैरान होते थे कि उन दोनों की 'अरेंज मैरिज [घरवालों द्वारा तय शादी]' हुई है.
जून 2023 में जब क्रिकेट विश्व कप का टेबल (समयसारिणी) आया, तो आएशा की आंखें चमक उठीं. भारत बनाम पाकिस्तान मुक़ाबला 14 अक्टूबर को गुजरात के अहमदाबाद में होना था. पश्चिम महाराष्ट्र में अपने माता-पिता के गांव राजाचे कुर्ले में आएशा (30) याद करती हैं, "मैंने नुरुल से कहा था कि हमें यह मैच स्टेडियम में देखना चाहिए. भारत और पाकिस्तान कम ही आमने-सामने होते हैं. यह एक असाधारण मौक़ा था, हम दोनों के पसंदीदा खिलाड़ियों को साथ खेलते देखने का."
बतौर सिविल इंजीनियर काम करने वाले नुरुल (30) ने कुछ फ़ोन कॉल किए और दो टिकटों का इंतज़ाम करने में कामयाब हुए, जो दोनों के लिए बहुत ख़ुशी की बात थी. आएशा तब तक अपनी गर्भावस्था के छठवें महीने में थीं, इसलिए उन्होंने सावधानीपूर्वक सतारा ज़िले के अपने गांव पुसेसावली से 750 किलोमीटर की यात्रा की योजना बनाई. ट्रेन की टिकटें बुक हो गईं और रहने की व्यवस्था कर ली गई. आख़िरकार वह दिन भी आ गया, लेकिन वह दोनों वहां नहीं पहुंच सके.
चौदह अक्टूबर, 2023 को जब सूरज आसमान में चढ़ा, तब नुरुल को गुज़रे एक महीना हो चुका था और आएशा की ज़िंदगी पूरी तरह बिखर गई थी.








