कभी-कभी देवता अपने भक्तों के साथ यात्रा करते हैं. कम से कम मां अंगारमोती तो यात्रा करती ही हैं.
क़रीब 45 साल पहले यह आदिवासी देवी धाय-चांवर गांव में रहा करती थीं. गोंड आदिवासी ईश्वर नेताम (50) देवी के मुख्य पुजारी या बैगा हैं. वह बताते हैं, "मां अंगारमोती दो नदियों महानदी और सूखा नदी के बीच [की जगह पर] रहती थीं."
मां अंगारमोती के विस्थापित होने के बावजूद उनकी लोकप्रियता कम नहीं हुई. गांव और दूसरी जगहों से 500 से 1,000 भक्त अभी भी हर दिन उनके मंदिर में पहुंचते हैं. मेले का नाम देवी के नाम पर है, पर इसे गंगरेल मड़ई के नाम से भी जाना जाता है, जिसमें गांव और पास के बांध का संदर्भ मौजूद है. देवी की आस-पड़ोस के देवताओं से दोस्ती भी बरक़रार है. हर साल दीवाली के बाद पहले शुक्रवार को मां अंगारमोती सालाना उत्सव के लिए पड़ोसी गांवों के देवताओं को आमंत्रित करती हैं.
गोंड आदिवासी नेता और गंगरेल गांव में हर साल इस समय पर मेला आयोजित कराने वाली टीम के सदस्य विष्णु नेताम कहते हैं, "हम अपने पूर्वजों के समय से लगभग हर आदिवासी गांव में यह मड़ई [मेला] आयोजित करते आ रहे हैं."
वह आगे जोड़ते हैं, ''मड़ई हमारी पारंपरिक आदिवासी संस्कृति का हिस्सा है.'' स्थानीय लोगों के अलावा गांव के बाहर से भी लोग मेले में जुड़ते हैं, जो अच्छी फ़सल के लिए देवताओं को फूल चढ़ाते हैं और अगले साल के लिए आशीर्वाद मांगते हैं. यह मड़ई उन क़रीब 50 मेलों में है जो हर साल ज़िले में आयोजित किए जाते हैं. यह मध्य भारत के इस ज़िले में होने वाले मड़ई की शृंखला में पहला मेला है.










