रुबेल शेख़ और अनिल ख़ान गाड़ी चला रहे हैं...पर ज़मीन पर नहीं. वो तक़रीबन सीधी खड़ी 80 डिग्री की ढलान पर 20 फ़ीट ऊपर चल रहे हैं. अगरतला में मेले के दौरान बड़ी तादाद में लोग उनका उत्साह बढ़ा रहे हैं. रुबेल और अनिल कार की खिड़कियों से बाहर निकलते हैं और उनकी ओर हाथ हिलाते हैं.
वे मौत का कुआं में अपना यह प्रदर्शन कर रहे हैं. यानी कार और बाइकों की मदद से 'दीवार' पर या मंच के किनारे सीधे खड़े होकर कई तरह के स्टंट.
ये 10 मिनट लंबे शो होते हैं जो घंटों तक जारी रहते हैं. इसके लिए बना अखाड़ा लकड़ी के पैनलों से बना कुएं जैसा एक ढांचा होता है, जिसे मेले में खड़ा करने में कुछ दिन लगते हैं. ज़्यादातर चालक ही इसे खड़ा करने में मदद करते हैं. मंच की यांत्रिकी शो और उनकी सुरक्षा के लिए एक अहम चीज़ है.
'मौत का कुआं' के नाम से मशहूर यह प्रदर्शन अक्टूबर 2023 में त्रिपुरा के अगरतला में होने वाले दुर्गा पूजा मेले के कई आकर्षणों में एक रहा. दूसरे आकर्षण थे फ़ेरिस व्हील, मैरी-गो-राउंड, टॉय-ट्रेन आदि.























