मिट्टी के बने अपने घर के बाहर बैठे नंदराम जामुनकर कहते हैं, ''आप रोशनी के साथ पैदा हुए हैं और हम अंधेरे के साथ.'' हम अमरावती ज़िले के खडीमल गांव में हैं, जहां 26 अप्रैल, 2024 को लोकसभा चुनाव के तहत मतदान होना है. नंदराम जिस अंधेरे की बात करते हैं वह सचमुच में यहां व्याप्त है; महाराष्ट्र के इस आदिवासी गांव में कभी बिजली नहीं आई है.
“हर पांच साल में कोई आता है और बिजली देने का वादा करता है. लेकिन बिजली तो दूर की बात है, वे ख़ुद भी कभी मुड़कर वापस नहीं आते,” 48 वर्षीय नंदराम कहते हैं. मौजूदा सांसद नवनीत कौर राणा निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर साल 2019 में शिवसेना उम्मीदवार व पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंदराव अडसुल को हराकर सत्ता में आईं थीं. इस बार वह भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के रूप में इस सीट से चुनाव लड़ रही हैं.
चिखलदरा तालुका में स्थित इस गांव में रहने वाले 198 परिवार (जनगणना 2011) आजीविका के लिए मुख्य रूप से महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोज़गार गारंटी (मनरेगा) पर निर्भर रहते हैं. जिनके पास थोड़ी-बहुत ज़मीन है वे वर्षा आधारित खेती करते हैं और ज़्यादातर मक्का उगाते हैं. खडीमल के अधिकांश निवासी अनुसूचित जनजाति (एसटी) से ताल्लुक़ रखते हैं, जिन्हें हमेशा से ही पानी और बिजली के कनेक्शन के बिना गुज़ारा करना पड़ा है. नंदराम कोरकू जनजाति से हैं, जो कोरकू भाषा बोलती है. साल 2019 में जनजातीय मामलों के मंत्रालय ने कोरकू को लुप्तप्राय भाषा के रूप में चिह्नित किया है.








