“मैं उन लोगों के लिए खाना पका रही हूं जो हमें यहां ले कर आए हैं। मेरे पति ईंट बनाने में उनकी सहायता कर रहे हैं,” उर्वशी कहती हैं, जिनसे हमारा सामना हैदराबाद के ईंट भट्ठों में हुआ।
हमें लगभग 61 वर्षीय देगू धरुवा और लगभग 58 वर्षीय उर्वशी धरुवा को भट्ठों में देख कर आश्चर्य हुआ। ये दोनों पति-पत्नी पश्चिमी ओडिशा के बोलानगीर ज़िला की बेलपाड़ा ग्राम पंचायत के पंडरीजोर गांव के रहने वाले हैं। यह देश के अत्यंत ग़रीब गांवों में से एक है।
पश्चिमी ओडिशा, जहां से मैं बीस साल से रिपोर्टिंग करता रहा हूं, यहां के लोग 50 वर्ष से अधिक समय से प्रवास करते रहे हैं। यह क्षेत्र ग़रीबी और पॉलिसी के परिणाम के अलावा भूख, भूख के कारण मृत्यु और बच्चों को बेचने की वजह से बदनाम था।
वर्ष 1966-67 में, अकाल जैसी स्थिति ने लोगों को प्रवसन करने पर मजबूर किया। 90 की दहाई में, जब कालाहांडी, नुवापाड़ा, बोलानगीर और अन्य जिलों में ज़बरदस्त अकाल पड़ा था, तो दोबारा लोग यहां से हिजरत करने लगे थे। उस समय, हमने नोटिस किया था कि जो लोग हाथ से काम कर सकते थे वह काम की खोज में दूसरे राज्यों में चले गए, जबकि वृद्ध लोग गांवों में ही रहे।





