बाबासाहेब आंबेडकर की जयंती के मौके पर, पारी अपने पाठकों के लिए 'ग्राइंडमिल सॉन्ग्स प्रोजेक्ट' के तहत दो लोकगीत लेकर आया है. महाराष्ट्र के बीड़ जिले के माजलगांव की वाल्हाबाई टाकणखार और राधाबाई बोर्हाडे ने इन गीतों को अपनी आवाज़ दी है. ये गीत दलितों के अपने स्वाभिमान को बयान करते हैं, उनके हक़ की आवाज़ उठाने वाले अगुवा के प्रति उनके प्यार को दिखाते हैं, उनकी खुशियों और ग़म की कहानी कहते हैं. ये गीत हमारी उस शृंखला का हिस्सा हैं जिसमें जाति के नाम पर होने वाले उत्पीड़न का दर्द सुनाने वाले गीत और वंचितों की आवाज़ रहे डॉ आंबेडकर से प्रेम जताने वाले दोहे (ओवी) शामिल हैं.
अप्रैल की शुरुआत में जब हम माजलगांव में वाल्हाबाई टाकणखार के घर गए, तो उन्हें उन गीतों को याद करने में दिक़्क़त आई जो उन्होंने हमारी 'ग्राइंडमिल सॉन्ग्स प्रोजेक्ट' की टीम को 21 साल पहले, 1996 में सुनाए थे. उनका कहना था कि चक्की चलाते वक़्त शायद उन्हें वे गीत फिर से याद आ जाएं.
इसके बाद, उनकी बहू एक प्लेट में गेहूं लेकर आई और पुरानी चक्की बाहर निकालकर व्यवस्थित करने लगी. फिर, वाल्हाबाई ज़मीन पर बैठीं और चक्की में अनाज डालकर पीसना शुरू किया; चक्की चलाते हुए, उन्हें कुछ धुनें याद भी आ गईं. बताते चलें कि चक्की में दो बड़े पत्थर होते हैं, जो एक के ऊपर रखे जाते हैं. ऊपर रखे पत्थर पर लकड़ी का एक हैंडल जुड़ा होता है, जिसे पकड़कर चक्की घुमाई जाती है.
वाल्हाबाई के गाए गीत यहां पेश किए गए हैं, साथ में राधाबाई बोर्हाडे के गाए गीत भी हमारे पाठकों के लिए उपलब्ध हैं. ये गीत डॉ बाबासाहेब आंबेडकर के जीवन की कई ज़रूरी घटनाओं को बयान करते हैं. साल 1996 में, जब ये गीत रिकॉर्ड किए गए थे, वाल्हाबाई और राधाबाई माजलगांव की भीम नगर बस्ती में रहती थीं. अब राधाबाई इसी तालुका के सावरगांव में रहती हैं.
माजलगांव की भीम नगर बस्ती मुख्य रूप से दलित बहुल बस्ती है. यह गांव 'ग्राइंडमिल सॉन्ग्स प्रोजेक्ट' के लिए ऐसा बेहतरीन स्रोत रहा है जहां देश के संविधान-निर्माता, महान राजनेता, और वंचितों की आवाज़ रहे बाबासाहब आंबेडकर पर आधारित गीत गाए जाते रहे हैं. 14 अप्रैल को बाबासाहेब की जयंती होती है. इस बहाने बाबासाहेब को याद करते हुए, पारी इस पूरे महीने जाति व्यवस्था से होने वाली मुश्किलें बयान करने वाले गीत और वंचितों की आवाज़ डॉ आंबेडकर की कहानी सुनाने वाले गीत आपके सामने पेश करता रहेगा.




