बेलडांगा के उत्तरपाड़ा इलाक़े में अपने घर की छत पर बात करते हुए कोहिनूर बेगम हमसे कहती हैं, “मेरे अब्बू एक दिहाड़ी मज़दूर थे, लेकिन उन्हें मछली पकड़ना बहुत पसंद था. वह किसी तरह दिन के खाने के लिए एक किलो चावल के पैसे का जुगाड़ कर लेते थे, और फिर…निकल जाते थे! मेरी अम्मी को बाक़ी चीज़ें संभालनी पड़ती थीं.”
वह आगे कहती हैं, "और सोचो, मेरी अम्मी को उस एक किलो चावल से चार बच्चों, हमारी दादी, मेरे पिता, एक चाची और ख़ुद का पेट भरना होता था." थोड़ी देर रुककर वह आगे कहती हैं, "इसके अलावा, अब्बू उनसे मछली के चारे के लिए भी चावल मांग लेते थे. हमें उनकी बुद्धि पर आश्चर्य होता था!"
क़रीब 55 वर्षीय कोहिनूर आपा [बड़ी बहन] बंगाल के मुर्शिदाबाद ज़िले के जानकी नगर प्राथमिक विद्यालय में मिड-डे मील [मध्याह्न भोजन] बनाती हैं. अपने खाली समय में वह बीड़ी बनाती हैं और इस काम को कर रही अन्य महिलाओं के अधिकारों के लिए अभियान चलाती हैं. मुर्शिदाबाद में, बेहद ग़रीब पृष्ठभूमि से आने वाली महिलाएं बीड़ी बनाने का काम करती हैं, जो शारीरिक रूप से तोड़कर रख देने वाला काम है. कम उम्र से ही तंबाकू के लगातार संपर्क में रहने के चलते उनके स्वास्थ्य पर भी काफ़ी जोखिम बना रहता है. पढ़ें: बीड़ी बांधने में धुआं होती महिला मज़दूरों की ज़िंदगी
साल 2021 में दिसंबर की एक सुबह, कोहिनूर आपा बीड़ी श्रमिकों के लिए हो रहे एक अभियान में भाग लेने के दौरान इस रिपोर्टर से मिलीं. बाद में, फ़ुर्सत मिलने के बाद कोहिनूर आपा ने अपने बचपन के बारे में बात की और अपनी ख़ुद की रचना भी सुनाई, जो बीड़ी श्रमिकों के हाड़तोड़ काम और उसकी शोषणकारी परिस्थितियों पर लिखा हुआ गीत है.
कोहिनूर आपा बताती हैं कि उनके बचपन में परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत ख़राब थी, जिसके कारण उनके परिवार को बहुत सारी परेशानियों का सामना करना पड़ा था. उस युवा बच्ची के लिए स्थिति यह असहनीय थी. वह कहती हैं, “मैं केवल नौ साल की थी. एक सुबह, रोज़ की आपाधापी के बीच, घर में मैंने अपनी अम्मी को कोयले, गोबर के कंडे और लकड़ी से मिट्टी का चूल्हा बनाते समय सिसकते हुए देखा. उनके पास खाने में पकाने के लिए कोई अनाज नहीं था.”






