14 अप्रैल को बाबासाहेब आंबेडकर की जयंती होती है. इस मौके पर, पारी के 'ग्राइंडमिल सॉन्ग्स प्रोजेक्ट' के तहत हम इस महीने डॉ आंबेडकर और जाति के मसले पर आधारित लोकगीत साझा करते रहेंगे. इस शृंखला की पहली कड़ी के तौर पर हम लेकर आए हैं सावरगांव की राधाबाई बोर्हाडे के गाए 5 दोहे (ओवी), जो बुद्ध, भीमराव आंबेडकर, धम्म, संघ और रमाबाई पर आधारित हैं
सबसे पहले तो हम यह बताना चाहेंगे कि इस लेख में शामिल ऑडियो और वीडियो क्लिप के बीच 21 साल का फ़र्क़ है. राधा बोर्हाडे जिस दोहे (ओवी) को गाते सुनाई देती हैं उस ऑडियो को 2 अप्रैल, 1996 के दिन रिकॉर्ड किया गया था. इत्तेफाक़न, इस साल 2 अप्रैल के दिन हम एक बार राधा जी के पास गए और गाते हुए उनका वीडियो भी बनाया.
उम्र के 70वें पड़ाव पर खड़ी राधाबाई उन गीतों को याद नहीं कर सकीं जिन्हें दो दशक पहले उन्होंने अपनी आवाज़ दी थी. हालांकि, जब हमने कुछ दोहे (ओवी) पढ़कर सुनाए, तो उन्हें सारी धुनें याद आ गईं. वे मुतमइन थीं कि अगर उन्हें 1996 में गाए उनके गीतों के ट्रांस्क्रिप्ट पढ़ने को मिलें, तो उन्हें बाक़ी सब भी पूरा याद आजाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि इसके बाद वे उन सभी गीतों को दोबारा गाएंगी. प्रौढ़ शिक्षा व्यवस्था के तहत चलने वाली क्लास में उन्होंने पढ़ना और लिखना सीख लिया था.




