पुणे में स्थित मुल्शी तालुका की तीन महिलाएं चक्की पीसते हुए गाए जाने वाले गीतों के ज़रिए, एक विवाहित महिला के पति या बेटे पर एक युवा और ख़ूबसूरत महिला के व्यवहार से पड़ने वाले असर के बारे में बताती हैं. उन्हें लगता है कि वह महिला उनकी ख़ुशियों के लिए ख़तरा है
पितृसत्तात्मक समाज न केवल महिलाओं का उत्पीड़न करता है, बल्कि वह उन्हें ही एक-दूसरे के ख़िलाफ़ खड़ा कर देता है. ग्राइंडमिल सॉन्ग्स प्रोजेक्ट में शामिल गीतों में ग्रामीण समुदायों में रहने वाली महिलाओं के अनुभवों को विस्तार के साथ जगह मिली है, जहां पितृसत्ता ही महिलाओं के जीवन के हर पहलू को तय करती है. इन गीतों को गाने वाली महिलाएं, समाज के उन पितृसत्तात्मक मानदंडों के विरोध में विलाप करती हैं जिनके मुताबिक़ एक लड़की का जन्म माता-पिता के लिए अभिशाप जैसा माना जाता है. वे अपने गीतों में यह सवाल उठाती हैं कि जब बेटे-बेटियां एक ही पेड़ के दो फल हैं, तो बेटियों के साथ भेदभाव क्यों किया जाता है; किसी महिला की मेहनत को नज़रअंदाज़ क्यों किया जाता है. और फिर ऐसे भी गीत मौजूद हैं जो विवाह को ही महिलाओं का अंतिम पड़ाव बताते हैं और शादी को उनकी ख़ुशियों का मार्ग कहते हैं.
चक्की पीसते हुए गाए जाने वाले गीत (ग्राइंडमिल सॉन्ग्स) उस सांस्कृतिक प्रथा का एक अच्छा उदाहरण हैं जो महिलाओं को जोड़ने के साथ-साथ उन्हें अलग भी करती है, किसी सामाजिक व्यवस्था को दोबारा थोपती है और सवाल भी करती है, गायकों और श्रोताओं की किसी पीढ़ी को आज़ाद-ख़याल बनाती है और उन्हें तमाम धारणाओं से भी भर देती है. यह ऐसे माहौल की ही देन है कि महिलाओं के बीच दोस्ती और बहनापा की भावना दिखती है - जैसा कि कई गीतों में भी देखा गया है.
हालांकि, ऐसे गीत भी हैं जो महिलाओं के बीच आपसी प्रतिद्वंद्विता को दर्शाते हैं और उन पर प्रकाश डालते हैं. अक्सर, यह प्रतिद्वंद्विता एक पुरुष पर (पति या पुत्र) प्रभाव साझा करने वाली महिलाओं के बीच ईर्ष्या के रूप में व्यक्त होती है. ये गीत अतिसंवेदनशीलता से भरी की एक ऐसी संक्षिप्त तस्वीर प्रस्तुत करते हैं जिनके भीतर महिलाओं का जीवन सिमट जाता है. और इन महिलाओं का अस्तित्व परिवार के पुरुषों (पिता हों या भाई) से मिलने वाली पहचान और मान्यता पर निर्भर रहने लगता है; या जैसा कि इस क़िस्त में शामिल गीतों में (पति और बेटे) में भी देखा जा सकता है.
इन ओवी में, एक ऐसी महिला, जो वृद्ध, विवाहित, और सम्मानीय हैं, उनको एक छोटी, अविवाहित महिला के विरुद्ध खड़ा किया गया है, जिसे संदेह की दृष्टि से देखा जाता है; ख़ासकर इसलिए कि वह आकर्षक और खुले विचार की स्त्री है. पहले तीन ओवी में, एक नौजवान महिला पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया जाता है. उसके कार्यों को बुरा दर्शाने के लिए, कविता में एक मराठी कहावत का इस्तेमाल किया जाता है, जिसके मायने हैं: "एक बदनाम महिला ने छत से जुड़े छज्जे से पानी को रिसने दिया." कहा जाता है कि उसके बुरे काम इतने अधिक हैं कि "पानी का एक घड़ा खाली हो गया है ... [और] महिला ने कुएं के पानी में एक कछुए को छोड़ दिया है." यह वाक्यांश उस महिला के व्यवहार और प्रकृति को दर्शाने की कोशिश करता है, जिससे किसी अन्य महिला की ख़ुशियां नष्ट हो जाती हैं.






