इंडियन प्रीमियर लीग का सीज़न ज़ोर-शोर से चल रहा है, लेकिन नयागांव के लोगों का दिमाग़ क्रिकेट की जगह कहीं और उलझा हुआ है. पास के धूमसपुर गांव में हुई हिंसा का असर अब भी बरक़रार है. इस साल 21 मार्च को होली के दिन, क्रिकेट खेलने के दौरान युवा लड़कों के बीच हुए विवाद के बाद एक मुस्लिम परिवार पर हमला कर दिया गया था. इस घटना की रिपोर्टिंग मीडिया में व्यापक रूप से हुई थी. हमलावरों ने लाठी और सरिया का इस्तेमाल किया और उस परिवार को कथित तौर पर ‘पाकिस्तान जाने और वहां क्रिकेट खेलने’ के लिए कहा था. नयागांव उन पांच लोगों में से तीन का घर है जिन्होंने कथित तौर पर हिंसा का नेतृत्व किया था.
गृहिणी राखी चौधरी (31 वर्ष) कहती हैं, “इस हमले के बाद कार्रवाई करने में पुलिस वैसे ही अक्षम थी जैसा कि वह इस क्षेत्र के मुद्दों पर ध्यान देने में रहती है. हमने 8-10 महिलाओं के एक समूह का गठन किया है, जो यहां झगड़ा शुरू होने पर हस्तक्षेप करता है [आमतौर पर गांव के लड़कों द्वारा युवा लड़कियों के यौन उत्पीड़न की घटनाओं पर]. यही एकमात्र तरीक़ा है जिससे हम अपनी रक्षा कर सकते हैं. पुलिस या तो ट्रैफिक ड्यूटी पर होती है या राजनेताओं के इस इलाक़े में आने पर व्यस्त रहती है. हालांकि, जब अमीर लोग उन्हें बुलाते हैं, तो वे तुरंत हरकत में आ जाते हैं. हमारे साथ कीड़े-मकोड़ो की तरह व्यवहार किया जाता है.”
राखी, नयागांव की कृष्ण कुंज कॉलोनी में रहती हैं. (मारुति कुंज कॉलोनी भी इसी गांव में है, जिसे इसका नाम तब मिला जब 1970 के दशक में दिवंगत कांग्रेस राजनेता संजय गांधी ने जापानी कार निर्माताओं को यहां दुकान खोलने के लिए आमंत्रित किया था और श्रमिकों को यहां आवास दिया गया था.)
नयागांव को जनवरी 2016 में हरियाणा के गुरुग्राम ज़िले की सोहना तहसील के भोंडसी गांव से अलग करके एक नया पंचायत बनाया गया था. यह गांव 12 मई को गुरुग्राम लोकसभा क्षेत्र के लिए मतदान करेगा.
वर्ष 2014 में, (लगभग 18.46 लाख मतदाताओं में से) लगभग 13.21 लाख वोटों के साथ भारतीय जनता पार्टी के राव इंद्रजीत सिंह ने गुरुग्राम में पार्टी की पहली जीत का नेतृत्व किया था. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी, इंडियन नेशनल लोकदल के ज़ाकिर हुसैन को 2,70,000 से अधिक मतों के बड़े अंतर से हराया था. वर्ष 2009 तक गुरुग्राम में प्रभुत्व रखने वाले कांग्रेस के राव धर्मपाल सिंह को कुल 1,33,713 या 10.12 फीसदी वोट मिले थे. आम आदमी पार्टी के योगेंद्र यादव ने 79,456 या 6.02 प्रतिशत वोट हासिल किए.









