हर सुबह, आरिफ (बाईं ओर) और शेरू (गधा) मंडावा की गलियों में घूम कर सब्ज़ियां और फल बेचते हैं। शेरू पत्ता गोभी, फूलगोभी, भिंडी, बैंगन, केले आदि से भरी गाड़ी को खींचता है, जबकि 40 वर्षीय आरिफ मोहम्मद, जो पहले निर्माण स्थलों पर काम करते थे, और उनका सहायक (जिसने अपना नाम बताने से मना कर दिया) राजस्थान के झुंझुनूं जिले के इस कस्बे में नियमित और नए ग्राहकों के साथ सौदेबाज़ी करते हैं। लगभग आठ घंटे की सामयिक बिक्री के बाद, आदमी और पशु शाम 5 बजे अपना काम बंद कर देते हैं, तब तक उनकी 300-400 रुपये की कमाई हो जाती है, आरिफ बताते हैं। वह इससे ज़्यादा कुछ बताना नहीं चाहते और तेज़ी से आगे निकल जाते हैं क्योंकि बिक्री का यही सबसे अच्छा समय है और शेरू भी बेचैन हो रहा है।
राजस्थान में, विशेषकर बाड़मेर, बीकानेर, चूरू और जैसलमेर जिले में बहुत से शेरू हुआ करते थे। आज भी, भारत में गधों की कुल आबादी का पांचवा हिस्सा इसी राज्य में है। लेकिन 20वीं पशुधन गणना (2019) के अनुसार, इन प्रजातियों की संख्या तेज़ी से घट रही है। भारत में उनकी संख्या 2012 की पशुधन गणना के समय 330,000 थी, जो 2019 की गणना के समय घट कर 120,000 हो गई, यानी लगभग 62 प्रतिशत की कमी। राजस्थान में यह कमी 72 प्रतिशत के क़रीब थी — 81,000 से 23,000।



