राजू चौधरी एक बहुरूपी हैं - कई (बहु) रूपों (शक्लों) का व्यक्तित्व. चौधरी की आयु अब 40 वर्ष है, वह 14 साल की उम्र से ही इस कला का प्रदर्शन कर रहे हैं. वह कहते हैं, “मैं लंबे समय से ऐसा कर रहा हूं. हमारे पूर्वज बहुरूपी थे, अब मेरे बच्चे भी हैं...”
राजू का संबंध बेदिया समुदाय से है, यह एक अनुसूचित जनजाति है जो पश्चिमी बंगाल में एसटी समुदय की जनसंख्या का लगभग 5.8 प्रतिशत हैं (जनगणना 2011). बीरभूम ज़िले के लबपुर ब्लॉक में स्थित उनके गांव, बेशायपुर में लगभग 40 बेदिया परिवार हैं, ये सभी परंपरागत रूप से बहुरूपी कलाकार हैं.
यहां प्रस्तुत किए गए वीडियो में, राजू ने एक काल्पनिक चरित्र, तारा सुंदरी का वस्त्र पहन रखा है. स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, यह देवी काली का एक रूप है. इस चरित्र के माध्यम से, वह बर्दवान के राजा की कहानी बयान करते हैं - यह एक तात्कालिक कथा है, जिसे बनावटी शब्दों और गायन के सहारे पेश किया जाता है, जिसमें से कुछ बंगाली में होता है. मई (2017, जब यह फ़िल्म उनके गांव में बनाई गई थी) में 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान में, वह घुंघरू पहने पूरी ऊर्जा तथा सुर के साथ नाच और गा रहे हैं, जबकि लय को बनाए रखने के लिए लकड़ी का एक डंडा उनके हाथ में है.




