अमिताभ बच्चन ने कहा है कि यदि कभी जनगणना करने वालों द्वारा उनसे उनकी जाति के बारे में पूछा जाता है, तो उनका जवाब होगा: जाति – भारतीय। यह निश्चित रूप से, बॉलीवुड के प्रति मीडिया के प्रेम को फिर से उजागर करेगा। श्याम महाराज कोई बच्चन नहीं हैं। न ही उनके भाई चैतन्य प्रभु। लेकिन वे और उनके भाई अपने अनुयायियों को और भी जटिल उत्तर देने वाले हैं – और प्रश्न – यदि जनगणना करने वालों ने अंततः उनसे उनकी जाति के बारे में सवाल किया। “हमारा जवाब होगा: हम अजात हैं। यह साबित करने के लिए मेरे पास स्कूल छोड़ने का यह प्रमाण-पत्र मौजूद है। लेकिन आप जो चाहें लिख सकते हैं,” प्रभु, महाराष्ट्र के अमरावती जिले के मंगरुल (दस्तगीर) गांव में, अपने घर में हमें बताते हैं।
अजात का शाब्दिक अर्थ है, जिसकी कोई जाति नहीं। अजात 1920 और 30 के दशक का एक साहसी सामाजिक आंदोलन था, जिसके अनुयायी उस ज़माने में वर्तमना महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में हज़ारों हज़ार की संख्या में थे। इसका नेतृत्व अनोखे और विलक्षण सामाजिक सुधारक, गणपति भाभुतकर कर रहे थे, जो गणपति महाराज के नाम से प्रसिद्ध हैं। चैतन्य प्रभु और श्याम महाराज उनके जीवित पोते हैं। इस प्रकार के आंदोलनों में सामान्य रूप से शराब और हिंसा के ख़िलाफ़ आवाज़ तो उठाई ही जाती है, लेकिन गणपति महाराज ने इसमें दूसरे तत्वों को भी जोड़ा। उन्होंने जाति पर खुल कर हमला किया। उनकी अपील पर बहुत से लोगों ने मूर्ति पूजा बंद कर दी। उन्होंने लिंग समानता के लिए दबाव डाला और यहां तक कि निजी संपत्ति के ख़िलाफ़ भी लोगों को संगठित किया। और 1930 के दशक में, उन्होंने और उनके अनुयायियों ने ख़ुद को ‘अजात’ घोषित कर दिया।
उनके द्वारा शुरू की गई भोजन से संबंधित अंतर-जातीय मुहिम ने उन गांवों में तहलका मचा दिया, जहां वे काम किया करते थे। उनके एक शिष्य पीएल निमकर इस बारे में बताते हैं: “वह सभी जातियों के अपने अनुयायियों से कहते कि वे अपने घरों से पका हुआ खाना लेकर आएं। इसे वह पूरी तरह से आपस में मिला देते और मिश्रण को प्रसाद के रूप में बांटते।” जाति उनका सबसे बड़ा लक्ष्य था। “अंतर-जातीय शादियां और विधवा पुनर्विवाह – यही उनकी मांग थी, जिसे उन्होंने हासिल किया,” प्रभु बताते हैं। “ख़ुद हमारे अपने परिवार में, दादाजी से लेकर हम तक, हमने ब्राह्मणों से लेकर दलितों तक 11 विभिन्न जातियों में विवाह किया। हमारे वृहद परिवार में ऐसी कई शादियां हुई हैं।”
ख़ुद गणपति महाराज ने ऐसी ही शादी की थी। उन्होंने “मानव (मानवता का) धर्म शुरू किया और ऊंची जातियों का मुक़ाबला करते हुए यहां दलितों का मंदिर खोला,” श्याम महाराज कहते हैं। “उन्होंने उनके ख़िलाफ़ मुक़दमा दायर किया और किसी ने भी उनके मामले को हाथ नहीं लगाया। उस समय यहां के सभी वकील ब्राह्मण थे।”






