जब तक शाही शयनकक्षों में धरती की थरथराहट महसूस होना शुरू हुई, तब तक बहुत देर हो चुकी थी. ध्वस्त हो चुके दुर्गों की मरम्मत अब संभव नहीं थी, शक्तिशाली क्षत्रपों और ध्वजवाहकों को उठाने में बहुत देर हो चुकी है.
पूरा साम्राज्य गहरी दरारों से पटा पड़ा था. दरारें, जिनमें गेहूं के ताज़े कटे डंठलों की महक थी, जो भूख से बिलखती अवाम के प्रति राजा की नफ़रत से भी ज़्यादा गहरी थीं, उसकी आकाशगंगा सी छाती से भी ज़्यादा चौड़ी थीं; सड़कों को पार करती जा पहुंची राजमहल तक, बाज़ारों को बींधती, उसकी पवित्र गौशालाओं की दीवारों को तोड़ गुज़री थी. अब बहुत देर हो चुकी थी.
इन झटकों को उपद्रव साबित करने के लिए, पालतू कौओं को जनता के पीछे छोड़ने, दौड़ाने, और चीखने-चिल्लाने देने के लिए बहुत देर हो चुकी थी. वह वक़्त निकल चुका था कि मार्च करते लोगों के प्रति घृणा पैदा की जा सके. इन फटे और धूप में जले पैरों ने राजसिंहासन हिला दिया था! यह उपदेश बांचने के लिए बहुत देर हो चुकी थी कि यह पवित्र साम्राज्य एक हज़ार साल तक चलेगा. वे सब्ज़ हाथ जो धूल को मक्के के हर-भरे कानों में बदल देते थे, वे आसमान छू रहे थे.
लेकिन वे राक्षसी मुट्ठियां किसकी थीं? उनमें से आधी महिलाएं थीं, एक तिहाई ने ग़ुलामी की कॉलर पहनी थी, उनमें से एक चौथाई दूसरों की तुलना में अधिक प्राचीन. कुछ शानदार इंद्रधनुषी रंगों से अलंकृत थे, कुछ गहरे लाल रंग में थे या उन पर शायद पीले रंग के छींटे भी थे, जबकि अन्य चिथड़ों में लिपटे थे. ये चिथड़े, राजा की लखटकिया पोशाकों से कहीं अधिक राजसी थे. ये मौत को मात देने वाले साए थे जो मार्च कर रहे थे, गा रहे थे, मुस्कुरा रहे थे, आनन्दित हो रहे थे. ये हल चलाने वाले ऐसे जंगली थे कि जिन्हें पत्थर फेंकने वाली मशीनें और पवित्र बन्दूकें भी मार न सकीं.
लगातार उठ रहे झटके जब तक राजा की उस खाली जगह तक पहुंचे जहां दिल होना चाहिए था, तब तक बहुत देर हो चुकी थी.



