असल सवाल मूल्यों का है. और ये मूल्य हमारी ज़िंदगी का अहम हिस्सा हैं. हम ख़ुद को प्रकृति से अलग करके नहीं देख पाते. आदिवासी जब लड़ते हैं, तो वे सरकार या किसी कंपनी के ख़िलाफ़ नहीं लड़ते. उनके पास अपनी 'भूमि सेना' है, और वे लालच और स्वार्थ में लिथड़े मूल्यों की मुख़ालिफ़त में लड़ते हैं.
इन सबकी शुरुआत सभ्यताओं के विकास के साथ शुरू हुई - जब हमने व्यक्तिवाद को अपना सर उठाते देखा, और हम मनुष्य को प्रकृति से अलग अस्तित्व रखने वाली इकाई के रूप में देखने लगे. यहीं से टकराव की स्थिति पैदा हुई. जब हम ख़ुद को नदी से दूर कर लेते हैं, हम उसके पानी में सीवेज, रासायनिक और औद्योगिक कचरा खाली करने में ज़रा भी नहीं हिचकते. हम नदी को संसाधन मानकर उस पर क़ब्ज़ा जमा लेते हैं. जैसे ही हम ख़ुद को प्रकृति से अलग और श्रेष्ठ समझने लगते हैं, उसकी लूट और दोहन करना आसान हो जाता है. दूसरी तरफ़, किसी आदिवासी समुदाय के लिए उसके मूल्य सिर्फ़ काग़ज़ पर लिखे नियम नहीं होते. ये मूल्य हमारे लिए ज़िंदगी जीने का ज़रिया हैं.


