मेरा जन्म अविभाजित कालाहांडी जिले में हुआ था, जहां अकाल, भुखमरी, भूख से मौत और संकट के कारण पलायन लोगों के जीवन का एक अभिन्न हिस्सा था। एक युवा लड़के के रूप में और बाद में एक पत्रकार के रूप में, मैंने इन घटनाओं को देखा तथा सजीवतापूर्वक और दृढ़ता से रिपोर्ट किया। इसलिए मुझे इस बात की समझ है कि लोग क्यों पलायन करते हैं, कौन पलायन करता है, वे परिस्थितियां कौन सी हैं जो उन्हें पलायन करने पर मजबूर करती हैं, कैसे वे अपनी आजीविका कमाते हैं – अपनी शारीरिक शक्ति से परे जाकर काम करते हैं।
यह भी ‘सामान्य’ था कि जब उन्हें सरकारी सहायता की सबसे ज़्यादा ज़रूरत थी, तब उन्हें छोड़ दिया गया। भोजन के बिना, पानी के बिना, परिवहन के बिना और सैकड़ों किलोमीटर दूर के स्थान तक जाने के लिए उन्हें पैदल चलने पर मजबूर कर दिया गया – जबकि उनमें से बहुतों के पास एक जोड़ी चप्पल भी नहीं था।
यह मुझे पीड़ा देता है, क्योंकि यहां के लोगों के साथ मेरा एक भावनात्मक जुड़ाव है, एक रिश्ता है – जैसे कि मैं उन्हीं में से एक हूं। मेरे लिए, वे निश्चित रूप से मेरे लोग हैं। इसलिए मैं उन्हीं लोगों, उन्हीं समुदायों को एक बार फिर इस यातना को झेलते हुए देख कर काफ़ी परेशान हुआ और असहाय महसूस करने लगा। इसने मुझे इन शब्दों और छंदों को लिखने पर उकसाया – जबकि मैं कवि नहीं हूं।




