“ये बांस गीत हमारे बुज़ुर्ग लंबे समय से गाते आ रहे हैं,” पंचराम यादव ने मुझे बताया, जब मध्य छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर में आयोजित लोक संगीतकारों के वार्षिक मेले में मेरी उनसे मुलाक़ात हुई थी।
कुछ साल पहले मई के महीने में उस मेले में टहलते हुए, गीत की गूंजती हुई आवाज़ों ने मुझे अपनी ओर आकर्षित किया। तीन आदमी एक लंबे, पूरी तरह सजाए गए बेलनाकार वाद्ययंत्र, बांस बाजा को बजा रहे थे। इसे यादव जाति के एक ओबीसी उपसमूह, राउत के पुरुषों द्वारा मुख्य रूप से छत्तीसगढ़ के दुर्ग (जहां भिलाई शहर स्थित है), बालोद, धमतरी, गरियाबंद, कांकेर और महासमुंद जिलों में बजाया जाता है।
लगभग 50 और 60 वर्ष की आयु के तीनों संगीतकार जहां एक तरफ़ इस वाद्ययंत्र को बजा रहे थे, वहीं उनके कुछ साथी गायक समान रूप से गूंजती आवाज़ों में भगवान कृष्ण और अन्य प्रसिद्ध चरवाहों के गीत गा रहे थे।
4 से 5 फीट लंबा बांस बाजा परंपरागत रूप से ग्वालों का वाद्ययंत्र रहा है। कलाकार (समुदाय के केवल पुरुष ही इस वाद्ययंत्र को बजाते हैं) आमतौर पर बाजा ख़ुद बनाते हैं, कई बार स्थानीय बढ़ई की मदद से — सही बांस चुनने से लेकर उसे तैयार करने तक, फिर उसमें चार छेद करते हैं और वाद्ययंत्र को ऊनी फूलों और रंगीन कपड़ों से सजाते हैं।




