एम. करुप्पैय्या चाहते हैं कि अपनी आख़िरी सांस तक कोम्बू बजाते रहें. ख़ैर, हवा की मदद से बजने वाला यह इन्स्ट्रूमेंट, ऐतिहासिक रूप से युद्ध के मैदानों में लड़ाई की शुरुआत की घोषणा करने के लिए बजाया जाता था. मतलब कहा जा सकता है कि इसका संगीत ऐसा है जिसके लिए जान भी दी जा सकती है. लेकिन, पीतल या कांसे से बने और हाथी की सूंड के आकार के इस सींग जैसे इन्स्ट्रूमेंट को आख़िरी सांस तक बजाने की करुप्पैय्या की चाहत के पीछे की वजह यह नहीं है.
49 वर्षीय करुप्पैय्या के लिए कोम्बू बेहतरीन कला का एक नमूना है. वे अपने परिवार की चौथी पीढ़ी के कलाकार हैं, और उन्हें उस ऑटोरिक्शा की तुलना में इस इन्स्ट्रूमेंट से कहीं ज़्यादा लगाव है जिसे वह मदुरई स्थित अपने गांव में पेट पालने के लिए चलाने को मजबूर हैं.
करुप्पैय्या कहते हैं कि लगभग तीन दशक पहले तक, यह कला अपने शिखर पर थी. उन्हें याद है कि साल 1991 में उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री जे. जयललिता के सामने कोम्बू बजाया था. वह बताते हैं, "वह इतनी प्रभावित हुई थीं कि उन्होंने हमें एक बार फिर से बजाने के लिए कहा था!" लेकिन इन दिनों, उनके और थिरुपरनकुंद्रम ब्लॉक में स्थित गांव मेलकुयिलकुडी में कोम्बू बजाने वाले उनके जैसे दूसरे कलाकारों के लिए काम मिलना मुश्किल हो गया है. रिदम वाली गूंज कला की इस विधा की जान रही है, लेकिन इसकी हालत पहले से ही बेहद ख़राब होती गई है और हालिया पॉप कल्चर ने इसकी जगह लेनी शुरू कर दी है. मार्च, 2020 में कोविड लॉकडाउन लगने के बाद से इस कला और इससे जुड़े लोगों का बेहद नुक़्सान हुआ है. कलाकारों के पास न काम रह गया है और न ही उनके पास पैसे बचे हैं.
जब करुप्पैय्या को मंदिरों, सार्वजनिक समारोहों या अंतिम संस्कार में कोम्बू बजाने का काम मिलता भी है, तो उन्हें परफ़ॉर्मेंस के लिए 700-1000 रुपए मिलते हैं. वह बताते हैं, “पिछले साल से, लॉकडाउन के कारण हम अलगर कोइल थिरुविज्हा में परफ़ॉर्म नहीं कर पाए हैं. उस दौरान हमें आठ दिन का काम मिलता था.” कोम्बू बजाने वाले कलाकार सालाना उत्सव (अप्रैल-मई में) में परफ़ॉर्म करते हैं, जिस समय लाखों भक्त मदुरई शहर से 20 किलोमीटर दूर अलगर कोइल मंदिर में इकट्ठा होते हैं.
चेन्नई के एक संगठन अल्टरनेटिव मीडिया सेंटर (एएमसी) के संस्थापक और लोक कलाकारों व कलाओं को बढ़ावा देने वाले आर. कालीस्वरन कहते हैं, "कोम्बू बजाना हर किसी के बस की बात नहीं है. इसमें बहुत अधिक हुनर की ज़रूरत होती है." यह वाद्य यंत्र किसी घटना की शुरुआत में बजाया जाता है, और फिर बीच में, लेकिन लगातार नहीं बजाया जाता. इसलिए, कलाकार आम तौर पर 15 मिनट के लिए कोम्बू बजाते हैं, पांच मिनट के लिए आराम करते हैं, और इसके बाद 15 मिनट के लिए फिर से बजाते हैं. कालीस्वरन बताते हैं कि "आम तौर पर, कलाकार बहुत गहरी सांस लेते हैं और उसमें [कोम्बु] फूंकते हैं. यह सांस की कसरत में उनकी महारत के कारण है कि लगभग 100 साल की उम्र के कलाकार अभी भी ज़िंदा हैं.











