“वेण्डा,” जब हमने उनका नाम पूछा, तो उन्होंने तमिल में जवाब दिया. कुछ पल तक समझ में नहीं आया कि वे अपना नाम बता रही हैं या जवाब देने से मना कर रही हैं. दरअसल ‘वेण्डा’, तमिल शब्द वेण्डाम का छोटा रूप है, जिसका अर्थ होता है – ‘अवांछित’.
एन. वेण्डाम, नरसिम्हन और स्वर्गीय राजम्मल की 39 वर्षीया बेटी हैं. वे पांचवीं संतान थीं. उनके जन्म के समय तक उनकी मां कई गर्भधारणों के कारण शारीरिक रूप से कमज़ोर हो चुकी थीं – और तीन बेटे और दो बेटियों के बाद वेण्डाम का जन्म हुआ था. उनके माता-पिता ने उसका नाम ‘वेण्डा’ इस प्रार्थना के साथ रखा कि अब और बच्चे न हों. उनके आधार कार्ड में भी उनका नाम ‘वेण्डाम’ दर्ज है.
कुछ वर्ष पहले, जब राजम्मल जीवित थीं, उन्होंने मुझसे बातचीत में कहा था कि अगर यह बच्चा लड़का होता, तो उसका नाम ‘वेण्डा’ नहीं रखा जाता. लेकिन बेटी होने के कारण उसका भविष्य जन्म प्रमाणपत्र में ही तय हो गया.
हालांकि, राजम्मल को अपने इस फ़ैसले पर पछतावा भी था. उन्होंने अपनी बेटी से कहा था, “अगर हमने तुम्हें कोई शुभ नाम दिया होता और बार-बार ‘वेण्डा-वेण्डा’ न कहा होता, तो शायद तुम्हारी क़िस्मत बेहतर होती.”
वेण्डा का अनुमान है कि तमिलनाडु के तिरुवल्लूर ज़िले में स्थित उनके गांव मद्दूर में ‘वेण्डा’ नाम की कम-से कम दस महिलाएं और हैं. वे पारी से कहती हैं, “हमारे समुदाय में और आसपास के गांवों में यह नाम बहुत आम हुआ करता था.”





