उत्तर 24 परगना ज़िले के दत्तापुकुर के पास स्थित गांव से आए श्यामल मन्ना कहते हैं, “क्या आपको पता है कि हम अपने चेहरे मास्क से क्यों छिपाते हैं? उनके पीछे हम अपना दर्द छिपा रहे हैं. हम यहां इसलिए हैं, क्योंकि हम ग़ुस्से में हैं.”
दिल्ली में आंदोलन की शुरुआत कॉकरोच जनता पार्टी के आह्वान पर हुई थी, जो अब पूरे देश में फैल रहा है. कोलकाता के इस प्रदर्शन में आम पोस्टरों और मीम्स के साथ बड़ी तादाद में युवाओं ने आयरनमैन, सुपरमैन और बुराई का अंत करने वाले दूसरे फ़िल्मी किरदारों के मास्क पहन रखे थे.
इस 24 जुलाई को यह रैली दोपहर क़रीब पौने तीन बजे सियालदह स्टेशन से शुरू हुई और इसका समापन एस्प्लेनेड पर हुआ. स्थानीय अख़बारों के मुताबिक़ इसमें हज़ारों लोग शामिल थे. शाम क़रीब छह बजे प्रदर्शनकारियों और कोलकाता पुलिस के बीच हल्की झड़प हुई, जिसके बाद पुलिस ने पानी की बौछारें छोड़ीं.


















