जब मैं सबरपाड़ा पहुंचा, तो रात हो चुकी थी. बांदुआन तालुका में कूंचिया गांव के किनारे, सड़क से दूर ग्यारह घर बने हुए हैं. मिट्टी के बने ये छोटे घर सवर (जिन्हें सबर भी कहा जाता है) समुदाय के लोगों के हैं.
आधे अंधेरे में घिरे रहने वाले उनके घर जंगल शुरू होने का संकेत देते हैं, जो धीरे-धीरे घना होता चला जाता है और दूर जाकर दुआरसिनी की पहाड़ियों में समा जाता है. साल, सागौन, पियाल और पलाश के पेड़ों का यह जंगल उनके लिए भोजन - फल, फूल और सब्ज़ियों का ज़रिया है - और जीवनयापन का साधन भी.
सवर समुदाय को पश्चिम बंगाल में डीनोटिफ़ाइड (विमुक्त) जनजाति (डीएनटी) और अनुसूचित जनजाति दोनों के रूप में सूचीबद्ध किया गया है. वे उन तमाम जनजातियों में से एक थे जिन्हें औपनिवेशिक ब्रिटिश सरकार के आपराधिक जनजाति अधिनियम (सीटीए) के तहत 'अपराधी' क़रार दिया गया था. साल 1952 में, भारतीय सरकार ने इस अधिनियम को रद्द कर दिया, और अब इन जनजातियों को डीनोटिफ़ाइड जनजातियां (डीएनटी) या घुमंतू जनजातियां (एनटी) कहा जाता है.
आज भी सबरपाड़ा के परिवार अपनी आजीविका के लिए जंगल पर निर्भर हैं. क़रीब 26 साल की नेपाली सबर भी उनमें से एक हैं. वह पुरुलिया ज़िले में अपने मिट्टी के घर में पति घलटू, दो बेटियों और एक बेटे के साथ रहती हैं. उनकी सबसे बड़ी बेटी, जो नौ साल की है, अभी भी पहली कक्षा में पढ़ रही है. उनका बेटा अभी बहुत छोटा है और चलना सीख रहा है, और छोटी बेटी अभी भी मां का दूध पीती है. इस परिवार की रोज़ी-रोटी साल (शोरिया रोबस्टा) के पत्तों पर निर्भर है.




